राज्यमंत्री को देख लगाए मुर्दाबाद के नारे
बिजौली पंचायत के जनारपुरा गांव में भंडारा में शामिल होने पहुंचे प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार भारत सिंह कुशवाह के खिलाफ नारेबाजी का वीडियो सामने आया है। इसमें मंत्री भारत सिंह के सामने खड़े होकर सरपंच पुत्र भारत सिंह मुर्दाबाद के नारे लगाता सुनाई दे रहा है। जब वहां तमाशा बढ़ गया तो मंत्री ने वहां से चुपचाप निकलना ही मुनासिब समझा। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में इस गांव से सिर्फ 150 वोट ही मंत्रीजी को मिले थे। एक दिन पहले ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा के बिजौली पंचायत के जनारपुरा गांव में सार्वजनिक भंडारा का आयोजन चल रहा था। यहां प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह पहुंचे थे। लोगों ने उनका स्वागत किया और उनके समर्थक यहां राजनीति की बातें करने लगे। बस इसी समय वहां मौजूद सरपंच पुत्र व पंच केदार प्रताप खड़ा हुआ और उसने धार्मिक मंच से राजनीतिक बातचीत का विरोध किया। मंत्री के समर्थक नहीं माने तो केदार प्रताप ने मंत्री के नाम भारत सिंह कुशवाह मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिए। पहले मंत्री भारत सिंह मुस्कराते रहे फिर जब तमाशा बढ़ गया तो वह अपने समर्थकों के साथ वहां से निकल गए।
विकास किया नहीं, स्कूल बढ़ाने से मना कर दिया किस बात के मंत्री
सरपंच विमलेश कुमारी के बेटे केदार प्रताप पंच हैं। उन्होंने MJMC (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म इन मॉश कम्यूनिकेशन) किया हुआ है। उनका कहना है कि उनके गांव में एक मिडिल स्कूल है। गांव की लड़कियों को मिडिल के आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे गांव या बाहर जाना पड़ता है। इसके लिए उन्होंने मंत्री भारत सिंह कुशवाह से कुछ समय पहले स्कूल को आगे बढ़ाने के लिए निवेदन किया था, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए कि इस गांव से मुझे सिर्फ 150 वोट मिले थे। इसलिए मैं यह नहीं करुंगा। इसके बाद जब वह भंडारा में आए और उनके समर्थक आगामी चुनाव में सहयोग की बात करने लगे तो मुझसे रहा नहीं गया।