Home > अपना शहर ,
'पठान' के सवाल पर पत्रकार से बोले कमल पटेल- मुझे मरवाओगे क्या, प्रहलाद ने जोडे़ हाथ

वॉलीवुड मूवीज में होने वाले आपत्तिजनक सीनों को लेकर सबसे पहले मप्र के बीजेपी नेता प्रतिक्रियाएं देते थे। यही नहीं फिल्म के ट्रेलर से लेकर रिलीजिंग तक को लेकर मप्र सरकार के मंत्रियों, विधायकों की आपत्तियां सामने आतीं हैं। लेकिन पिछले हफ्ते दिल्ली में हुई बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुसलमानों और मूवीज को लेकर होने वाली बयानबाजी से बचने की नसीहत दी। पीएम की नसीहत के बाद एमपी बीजेपी के नेता सहमे हुए हैं।  चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर, विधायक रामेश्वर शर्मा अब बयानबाजी से बच रहे हैं। इन नेताओं के अलावा बीजेपी के नेताओं ने भी बयानबाजी के बजाए चुप्पी धारण कर ली है।

बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने भोपाल पहुंचे मप्र सरकार के कृषि मंत्री कमल पटेल से जब बीजेपी ऑफिस में पत्रकारों ने पूछा कि कल पठान फिल्म रिलीज हो रही है आप क्या कहेंगे? ये सवाल सुनते ही कमल पटेल ने सवाल पूछने वाले पत्रकार से कहा- तुम मेरे मित्र हो या कोई दुश्मन! इतना कहकर मंत्री कमल पटेल तेजी से निकल गए।

मोदी के मंत्री ने पठान के सवाल पर जोडे़ हाथ

केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल जब प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद जाने लगे तो उनसे भी यही सवाल पूछा कि पठान रिलीज हो रही है। आप क्या कहेंगे। तो उन्होंने हाथ जोड लिए और कहा- भारत माता की जय।

मंत्री ऊषा ठाकुर ने भी पठान पर किया किनारा

ऊषा ठाकुर से पूछा गया कि पठान फिल्म रिलीज हो रही है आप देखने जाएंगी या देखने वालों के लिए कुछ कहेंगी? इसपर ऊषा ठाकुर ने कहा दोनों पर कुछ नहीं कहूंगी। मैं वैसे भी कम फिल्में देखती हूं। फिल्म देखने वालाें को लेकर बोलीं ये व्यक्तिगत रुचि और अरुचि का विषय होता है। इसपर मैं कुछ नहीं कहूंगी।

सिलवानी विधायक बोले- गलत चित्रों काे हटाकर फिल्म दिखाई जाए

पूर्व मंत्री रामपाल सिंह बोले- हमारा अभी कोई इरादा नहीं हैं। फिल्म देखने का ज्यादा शौक भी नहीं हैं। मेरी सलाह ये है कि गलत चित्रों का प्रदर्शन न हो, किसी की भावना को आहत करने वाले चित्रों को डिलीट कर फिल्म दिखाई जाए।

कांग्रेस की मांग- थिएटर्स की सुरक्षा पुख्ता की जाए

पठान फिल्म आज रिलीज हो रही है। इस फिल्म को लेकर कांग्रेस ने थिएटर्स की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है। मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अब्बास हफीज ने ट्वीट में सीएम से मांग करते हुए करते हुए लिखा- पठान मूवी का विवाद क्यूँकि मध्य प्रदेश से सरकार के एक मंत्री ने शुरू किया था तो में माँग करता हूँ शिवराज सिंह चौहान जी से कि वो प्रदेश के हर मूवी हॉल में पर्याप्त पुलिस बल लगा के सुरक्षा की सख़्त व्यवस्था करें। असम के CM आश्वस्त कर चुके हैं। गुजरात के गृहमंत्री पुलिस लगा चुके। किसी भी तरह की अप्रिय घटना यदि प्रदेश में पठान मूवी को ले कर होती है तो ज़िम्मेदार पूरी तरह भाजपा सरकार होगी।

Share This News :