Home > अपना शहर ,
मंत्री बोले- कांग्रेस ने पहले साथ छोड़ा, अब हाथ जोड़ रही; विधायक बोले- BJP विनाश यात्रा निकाले

ग्वालियर में कांग्रेस और भाजपा एक बार फिर आमने-सामने हैं। गणतंत्र दिवस पर कांग्रेस ने हाथ जोड़ो यात्रा शुरू की है। इस पर सिंधिया समर्थक व उर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने पहले साथ छोड़ा, अब हाथ से हाथ जोड़ने चली है। इस पर कांग्रेस की ओर से भी करारा जवाब आया है।

कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने भाजपा की विकास यात्रा पर कहा है कि BJP को विकास नहीं, विनाश यात्रा निकालनी चाहिए। ऊर्जा मंत्री पर भी तंज कसते हुए कहा कि ऊर्जा मंत्री ने पहले कांग्रेस का हाथ छोड़ा था, अब जनता उन्हें छोड़ेगी।

साल 2023 को चुनावी साल कहा जा रहा है, क्योंकि मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव इसी साल के आखिर में होने जा रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा-कांग्रेस इसे मिशन 2023 भी कह रहे हैं। भाजपा-कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में अपनी ताकत लगा दी है। भाजपा जहां अपने द्वारा किए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विकास यात्रा निकाल रही है, तो वहीं कांग्रेस ने भी आर-पार का मन बना लिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर हाथ जोड़ो यात्रा गणतंत्र दिवस पर शुरू की है।

गुरुवार 26 जनवरी को कांग्रेस ने फूलबाग से हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा का शुभारंभ किया है। यह यात्रा कांग्रेस के 15 महीने की सरकार की उपलब्धियां बताएगी और राहुल गांधी की यात्रा को उद्देश्य जन-जन तक पहुंचाएगी। साथ ही शहर के लोगों को बताएगी कि जनता से वादा खिलाफी करने वाले व नफरत की राजनीति करने वालों से डरने की जरूरत नहीं है, पर भाजपा की विकास यात्रा और कांग्रेस की हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा को लेकर दोनों दलों में तकरार शुरू हो गई है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा पहले साथ छोड़ा अब हाथ जोड़ने चले हैं
कांग्रेस की हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा पर कट्‌टर सिंधिया समर्थक व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने पहले तो जनता का साथ छोड़ दिया था अब हाथ से हाथ जोड़ने चली है। कांग्रेस से जनता का विश्वास उठ चुका है। उनकी इस यात्रा से कुछ नहीं होने वाला है।

कांग्रेस विधायक ने दिया ऊर्जा मंत्री को करार जवाब
भाजपा के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के तंज कसने पर कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने भी पलटवार कर दिया है। उनका कहना है कि ऊर्जा मंत्री व सिंधिया समर्थक पहले ही हाथ का साथ छोड़ चुके हैं अब जनता उनका छोड़ेगी। साथ ही भाजपा की विकास यात्रा पर कहा है कि भाजपा को विकास नहीं विनाश यात्रा निकालनी चाहिए। क्योंकि उन्होंने पिछले कुछ साल में बेरोजगारी, महंगाई के सिवाय कुछ नहीं दिया है।

Share This News :