Home > अपना शहर ,
बाल-बाल बचे खनिज अधिकारी:रेत खदान पर छापा मारने पहुंची खनिज टीम पर हमला, क्षतिग्रस्त वाहन
छतरपुर के हरपालपुर थाना क्षेत्र के लहदरा गांव में धसान नदी के घाट पर चल रहे अवैध उत्खनन की जानकारी मिलने के बाद जैसे ही खनिज विभाग की टीम छापामार कार्रवाई करने पहुंची। वैसे ही माफियाओं और उनके गुर्गों ने टीम पर हमला कर दिया। हमले के कारण खनिज अधिकारी का वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। जबकि, वे स्वयं इस हमले में बाल-बाल बचे हैं।
खनिज अधिकारी अपनी टीम सहित कार्यवाही करने पहुंचे थे। टीम को देखकर मौके पर मौजूद ट्रैक्टर चालक भागने लगे। जब टीम ने उन्हें पकडऩे का प्रयास किया तो माफियाओं तथा उनके गुर्गों ने खनिज अमले में शामिल एक गाड़ी पर हमला कर दिया। घटना के वक्त खनिज अधिकारी अमित मिश्रा उसी गाड़ी में बैठे थे। माफियाओं के पत्थरों से गाड़ी के कांच टूट गए हैं। हालांकि, खनिज विभाग इस घटना को दबाने का प्रयास करता दिखाई दिया है।