अब घर बैठे नागरिक दर्ज करा सकेंगे शिकायत
जबलपुर। घरों से कचरा नहीं उठा रहा या कचरा वाहन नहीं आ रहा। स्ट्रीट लाइट बंद है, सड़क, नाली खराब है या नगर निगम से जुड़ी अन्य कोई समस्या या शिकायत है तो शहर के 79 वार्ड के नागरिक अब घर बैठे महापौर हेल्पलाइन नंबर पर काल कर और महापौर हेल्पलाइन जेएमसी डाट काम पर आनलाइन भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों का निराकरण दो से तीन दिनों के बीच कर दिया जाएगा। दरअसल, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने अपना वादा पूरा करते हुए महापौर हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट शुरू करवा दी है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट का शुभारंभ किया।
हेल्पलाइन नंबर है टोल फ्री-
हेल्पलाइन का शुभारंभ करते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि जो कहा वो किया इसी कड़ी में नागरिकों की सुविधाओं में विस्तार किया गया है। नागरिकाें की सुविधा के लिए जारी किया गया महापौर हेल्पलाइन नंबर 18002333128 टोल फ्री है। अब घर बैठे शहर के नागरिक इस नंबर पर सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगें। उन्होंने कहा कि एक निर्धारित अवधि में उन शिकायतों का निराकरण कर मोबाइल पर इसकी सूचना जाएगी। महापौर ने बताया कि महापौर हेल्प लाइन में प्राप्त 95 प्रतिशत शिकायतों को 48 घंटे से 72 घंटे के बीच निराकरण कराकर नागरिकों को राहत पहुंचाई जाएगी। इसमें भी लेबल नम्बर एल-एक से एल-पांच तक चैन रहेगी, जिसमें मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक से लेकर आयुक्त, पार्षद एवं महापौर भी रहेंगे शामिल। विदित हो कि महापौर ने हेल्पलाइन सेवा शुरू करने की घोषणा की थी।