कांग्रेस संभागों में करेगी बड़े सम्मेलन, सभी वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
भोपाल . नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस संभाग स्तर पर बड़े सम्मेलन करेगी। इसकी शुरुआत अप्रैल से होगी। कुछ स्थानों पर संभागीय मुख्यालय तो कुछ स्थानों पर उन विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन होंगे, जहां पार्टी पिछले तीन-चार चुनाव लगातार हार रही है। क्षेत्र के सभी बड़े नेता इन सम्मेलनों में शामिल होंगे और केंद्रीय नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। विधानसभा चुनाव के लिए नौ माह का समय बचा है। अक्टूबर अंत तक आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसे देखते हुए कांग्रेस ने कार्ययोजना तैयार की है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि मानसून आने के पहले सभी संभागीय मुख्यालय में एक-एक बड़े सम्मेलन किए जाएंगे। इसमें सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देने के साथ मैदानी मोर्चे पर डटे रहने का संदेश देने का काम करेंगे। सम्मेलन की शुरुआत सागर संभाग के किसी विधानसभा क्षेत्र से हो सकती है। इसमें रेहली और बीना विधानसभा शामिल हैं। रेहली में भाजपा के गोपाल भार्गव आठ बार से विधायक हैं। इसी तरह बीना में भी कांग्रेस लगातार पीछे रही है। खुरई विधानसभा से भूपेंद्र सिंह विधायक हैं। यहां नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को चुनाव लड़ाने के लिए प्रत्याशी तक नहीं मिले थे। कार्यकर्ताओं के गिरते मनोबल को देखते हुए पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह वहां पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी।पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि विधानसभा का बजट सत्र समाप्त होने के बाद वरिष्ठ नेताओं के मैदानी दौरे तेज होंगे। अभी तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ 15 जिलों का दौरा कर चुके हैं। साथ ही सतना में पिछड़ा वर्ग, ग्वालियर में रविदास जयंती और सागर में अनुसूचित जाति के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। साथ ही उन विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन किए गए हैं, जहां पार्टी को लगातार पराजय का सामना करना पड़ रहा है। इनके लिए अलग कार्ययोजना भी बना गई है। इसमें अन्य विधानसभा क्षेत्रों की तुलना में पहले प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। इसकी तैयारी भी प्रारंभ हो चुकी है।