आरबीआइ व सीबीआइ के फर्जी दस्तावेज बनाकर ज्वेलर से सात करोड़ की ठगी
खरगोन के ज्वेलर इशित्व सोनी को डरा-धमकाकर उससे पांच माह में सात करोड़ रुपये की अवैध वूसली की बात सामने आई है। आरोपितों ने पैसा ऐंठने के लिए सीबीआइ और आरबीआइ के नाम पर ज्वेलर के विरुद्ध फर्जी नोटिस तैयार किया। खुद को इन संस्थाओं का अधिकारी बताकर वसूली की।
शिकायत में ईओडब्ल्यू भोपाल में पदस्थ रहे उप निरीक्षण इतेंद्र चौहान का नाम भी सामने आया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि इंदौर में क्राइम ब्रांच में पदस्थ दो अधिकारी भी इसमें शामिल हैं। उन्होंने सीबीआइ, आरबीआइ और अन्य जगह शिकायत दर्ज होने की झूठी जानकारी देकर उससे पैसे लिए हैं। इशित्व सोनी ने मामले की शिकायत 15 फरवरी को ईओडब्ल्यू के डीजी अजय शर्मा से की थी। जांच के बाद जांच एजेंसी ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
ईओडब्ल्यू ने आशिक उर्फ बबलू खान पुत्र इस्माइल खान निवासी राजेंद्र नगर खरगोन और सौरभ दुबे पुत्र राजेश दुबे निवासी इंदौर और इतेंद्र चौहान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। इनसे पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच के अधिकारियों का नाम भी एफआइआर में जोड़ा जा सकता है। जनवरी से मई 2022 के बीच ज्वेलर से अवैध वसूली की गई है। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि इशित्व की मां खरगोन में स्कूल चलाती हैं।आरोपितों ने व्यापारी को डराने के लिए गजब की चाल चली। झूठी शिकायतों को सही साबित करने और पैसे लेकर इनका निपटारा कराने के लिए उसे सीबीआइ, आरबीआइ व अन्य कार्यालयों में ले जाते थे। इसके लिए वह व्यापरी को लेकर कई बार दिल्ली और मुंबई भी गए। यहां पांच सितारा होटल में रहे, जिसका खर्च व्यापारी ने उठाया।