डॉक्टर गोविंद सिंह ने बीजेपी पर साधा निशाना
ग्वालियर अल्प प्रवास पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने बीजेपी की विकास यात्रा पर कई सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने विकास यात्रा को विनाश यात्रा बताते हुए कहा है कि आज प्रदेश का हर व्यक्ति पर लगभग 45 हजार रुपये के कर्ज में डूबा हुआ है ..और मध्य प्रदेश की सरकार कर्ज पर कर्ज लेती चली जा रही है। जिसे विकास का नाम दिया जा रहा है, सही मायने में तो सरकार उधार का सिंदूर लेकर सुहागन बनी हुई है।
डॉक्टर गोविंद सिंह ने सत्तारूढ़ बीजेपी की सरकार पर आरोप लगाया है कि प्रदेश में घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। किसी पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही और डंका पीट रहे हैं विकास का मध्य प्रदेश के इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है कि सरकार विपक्ष से सवाल कर रही है। डॉ सिंह ने कहा कि जनता ने भाजपा की 18 वर्षों से चल रही सरकार का काम भी देखा है, और कांग्रेस की 15 महीनों की सरकार का भी जब भाजपा ने विकास किया है तो जनता को बताने की जरूरत क्यों पड़ गई है। जबकि जहां जहां विकास यात्रा जाती है वहां भाजपा नेताओं को मुंह की खानी पड़ती है ।
डॉक्टर गोविंद सिंह ने यह भी कहा कि 15 वी विधानसभा में भाजपा सरकार ने विधायकों द्वारा पूछे गए 500 से अधिक प्रश्नों के जवाब तक नहीं दिए हैं। मुख्यमंत्री भी विपक्ष से सवाल पूछ रहे हैं यह एक हास्यास्पद स्थिति है। जबकि मुख्यमंत्री द्वारा की गई 163 घोषणाओं का क्रियान्वयन तो दूर उन्हें नस्तीबद्व कर बंद कर दिया गया है, इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह ने मध्यप्रदेश में चल रही विकास यात्रा पर उठाए अनेक सवाल।