ग्वालियर के विकास का पहिया निरंतर चलता रहेगा - ऊर्जा मंत्री तोमर
ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर के नेतृत्व में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की विकास यात्रा गुरूवार को वार्ड-10 हनुमान मंदिर किला गेट से हनुमान जी महाराज के दर्शन कर प्रारंभ की गई। इसके पश्चात यात्रा सोडा कुआं वाली गली एवं लखेरा गली में पहुंची। विकास यात्रा के दौरान वार्ड-10 में लगभग एक करोड़ 13 लाख रूपए लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। जिसमें 41 लाख 67 हजार के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 71 लाख 47 हजार के विकास कार्यों का लोकापर्ण शामिल है। तोमर ने इस अवसर पर कहा कि ग्वालियर के विकास का पहिया निरंतर चलता रहेगा।
विकास यात्रा जब हलवाटखाने पहुंची तो वहां एक मोची भोला माहोर ने बताया कि उन्हें राशन एवं पेंशन नहीं मिल रही है, जिसको लेकर मंत्री तोमर ने तत्काल अधिकारियों को बुलाकर राशन और पेंशन की स्वीकृति दिलवाई। इसी तरह विकास यात्रा पुराना गंज होते हुए जब सराफा बाजार पहुंची जहां एक वृद्धा श्रीमती पुनिया बाई ने कहा कि आर्थिक तंगी की वजह से मेरी आंखों का ऑपरेशन अभी तक नहीं हो पाया है।
मंत्री तोमर ने वृद्ध महिला को अपने वाहन से सिविल अस्पताल में भेजा और सांध्यकाल तक वृद्ध महिला की आंख का सफल ऑपरेशन हो गया। विकास यात्रा के दौरान ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर में विकास का पहिया निरंतर चलता रहेगा। इस यात्रा में आप सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर बदल रहा है, आप सभी इस बदलते ग्वालियर के साक्षी हैं और हमें अपना शहर ग्वालियर को साफ व स्वच्छ रखना है। सभी अपना अपना सहयोग करें।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि आगामी 5 मार्च से लाडली बहना योजना प्रारंभ की जा रही है। जिसमें हमारी सभी बहनों को एक हजार रुपए महीने प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी बुजुर्ग माताओं एवं नागरिकों को जिन्हें अभी 600 रुपए पेंशन मिलती है, उन्हें भी 1000 रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। विकास यात्रा के दौरान यात्रा प्रभारी मनमोहन पाठक, रवि अग्रवाल, ओमी अग्रवाल, केशव मांझी, त्रिलोक शर्मा, राजेश जैन, हरिओम राय, नवनीत शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक गण उपस्थित रहे।