बुलेट, AC नहीं लाने पर घर से निकाला:विरोध पर बेरहमी से पीटा, कहता था- बिना बुलेट, AC के घर मत आना
ग्वालियर में नवविवाहिता ने मायके से बुलेट और AC लाने से इनकार किया तो ससुराल वाले उसे घर से निकालने लगे। विवाहिता ने जब विरोध किया तो उसे बेरहमी से पीटा और घर से धक्के देकर निकाल दिया। साथ ही कहा कि यदि घर में रहना है तो दोनों बुलेट, AC लेकर आओ तभी घर में रह पाओगी। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम की है।
घर से निकाले जाने के बाद महिला के परिजन ने चार बार पंचायत जोड़ी और बात बनाने का प्रयास किया, लेकिन लड़का व उसके परिजन नहीं माने तो महिला थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
भिण्ड निवासी निकिता पुत्री मलखान सिंह का विवाह आदित्यपुरम निवासी अंकेश परिहार से 18 फरवरी 2022 को हुआ था। शादी में अंकेश के परिजन की मांग के अनुसार शादी में 11 लाख रुपए नगद, सोने के जेवर सहित कार व अन्य सामान सहित बीस लाख रुपए खर्च किए थे। शादी के कुछ दिन तो सब ठीक चलता रहा। लेकिन उसके बाद पति मायके से बुलेट बाइक व सास AC की मांग करने लगे। जब निकिता ने मांग के अनुसार दहेज देने की कहा और मायके से बुलेट व AC की मांग करने से मना किया तो देवर राकेश, सास मुन्नी देवी और ननद नेहा उसे प्रताडि़त करने लगे और ताने देते थे कि उसकी जगह दूसरी जगह शादी की होती तो उन्हें ज्यादा दहेज मिलता। जब महिला ने दहेज के लिए स्पष्ट मना किया तो पति ने उसकी बेरहमी से मारपीट कर घर से निकाल दिया। घर से निकाले जाने के बाद भी उन्होंने काफी प्रयास किया कि उसका घर बस जाए, लेकिन उन पर फर्क नहीं पड़ा तो मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
महाराजपुरा थाना सर्किल के सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि थाने पर आकर एक महिला ने शिकायत कर बताया था कि उसके ससुराल वालों ने उसे बुलेट और एसी मायके से नहीं लाने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने कई बार तो ससुराल वालों के हाथ पैर जोड़कर मिन्नतें की लेकिन वह नहीं माने। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।