एसआई और उसके परिवार की मौत बनी पहेली
भोपाल पुलिस मुख्यालय की स्पेशल ब्रांच के एसआई सुरेश खांगुड़ा और उसके परिवार की मौत पहेली बन गई है। फिलहाल कोई कारण सामने नहीं आया है। शनिवार दोपहर एसआई के पिता पीएम हाउस के बाहर सीने पर हाथ रखकर फफकते रहे। उन्होंने कहा- धुलेंडी पर बेटे से बात हुई थी। बेटे ने कहा था कि इवान (पोते) का बर्थडे साथ में मनाएंगे। वहीं, रोते हुए एसआई मां बोली कि मेरा तो सब कुछ चला गया।
प्राथमिक जांच में पुलिस मान रही है कि सब इंस्पेक्टर सुरेश खांगुड़ा (32) ने पहले पत्नी कृष्णा (28) और बेटे इवान (2) की हत्या की। बाद में खुद ट्रेन के सामने कूद गए। वहीं, एसआई के साले का कहना है कि इस केस में कोई चौथा शख्स भी शामिल है। उसने तीनों की हत्या की आशंका जताई है।
पड़ोसियों ने बताया कि तीन-चार दिन पहले किसी बात को लेकर दंपती बीच झगड़ा हुआ था। शुक्रवार शाम को टीवी का साउंड भी इतना तेज था कि झगड़े की आवाज, चीख-पुकार सुनाई नहीं दी। मामले में अब भी कई सवाल अनसुलझे हैं। फिंगर प्रिंट, एफएसएल, पीएम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रविवार सुबह पीएम हुआ। परिजन शव लेकर गांव चले गए।
समधी से लिपटकर रोते रहे एसआई के पिता
शाम करीब सवा पांच बजे सब इंस्पेक्टर सुरेश के पिता मोहनलाल सूर्यवंशी आगर मालवा के बूंदीकला गांव से हमीदिया अस्पताल पहुंचे। कार से उतरते ही वह बहू के पिता (समधी) शिवलाल वर्मा से लिपटकर रोने लगे। बोले- धुलेंडी के दिन बेटे सुरेश से बात हुई थी। वह बहुत खुश था। बताया था कि होली खेली है। नाती इवान का 17 मार्च को बर्थडे साथ में मनाने के लिए बोला था। बर्थडे पर वह गांव आने के लिए बोला था। बेटा ऐसा नहीं कर सकता। सुरेश की मां रेशमबाई ने कहा- मेरा सब कुछ चला गया। बेटा-बहू को कोई परेशानी नहीं थी। दोनों खुशी-खुशी रह रहे थे।
तीन साल में कॉन्स्टेबल से बने एसआई
सुरेश का बड़ा भाई गोकुल खांगुड़ा पेशे से पटवारी है। गोकुल ने बताया कि सुरेश पढ़ने में होशियार था। उसने गणित विषय से बीएससी की थी। वर्ष 2013 में उसका चयन कॉन्स्टेबल के लिए हुआ था। उसकी पोस्टिंग इंदौर में थी। बाद में 2016 में उसका एसआई में सिलेक्शन हुआ। इसके बाद से वह भोपाल में रहने लगा। वह UPSC की भी तैयारी कर रहा था। वह बहुत खुश रहता था। कोई परेशानी होती, तो हमें जरूर बताता।
गोकुल ने पूरे घटनाक्रम पर संदेह जताया है। उन्होंने सवाल उठाया कि सुरेश के पास सर्विस रिवॉल्वर थी। ऐसे में मीट काटने वाले चाकू से हत्या क्यों करेगा? फिर सुसाइड करने उतनी दूरी क्यों जाएगा? उसके घर की चाबी, गाड़ी की चाबी भी नहीं मिली है। इससे कई सवाल खड़े होते हैं। पुलिस को हर स्तर पर जांच करनी चाहिए।
पहली नजर में कृष्णा से हो गया था प्यार
गोकुल ने बताया कि सुरेश के ससुर शिवलाल वर्मा मारफेड में पदस्थ थे। वह मूलत: जीरापुर के ब्राम्हण गांव के रहने वाले हैं। हमारी उनसे पहले से रिश्तेदारी है। भाई सुरेश के लिए हम लोग गांव बूंदीपुर से उसकी शादी के लिए लड़की देखने शिवलाल वर्मा के घर भोपाल आए थे। तब सुरेश की पहली मुलाकात कृष्णा से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चलने लगा। 2017 में दोनों की शादी करा दी। कृष्णा ने बीकॉम की पढ़ाई की थी। वह हाउस वाइफ थी।
पत्नी को रोजाना मायके छोड़ता था सुरेश
सुरेश की ससुराल उसके घर से करीब 350 मीटर दूर है। वह रोजाना ऑफिस जाते समय पत्नी कृष्णा को उसके मायके में छोड़ देता था, जहां बेटा अन्य बहनों के बच्चों और नाना-नानी के साथ खेलता रहता था। शाम को ड्यूटी से लौटते समय वह पत्नी और बच्चे को लेकर घर आता था। माता-पिता के बाहर जाने के कारण शुक्रवार को कृष्णा मायके नहीं गई थी। पड़ोस में रहने वाली सुधा वर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे कृष्णा बच्चे को साइकिल पर घुमा रही थी। उनके बीच कभी किसी ने विवाद होने की जानकारी नहीं दी। साले हरीश ने भी दाेनों के बीच विवाद की बात नहीं बताई है।
साले ने जताया वारदात पर संदेह
एसआई के साले हरीश वर्मा ने बताया कि वह मूलत: राजगढ़ ब्यावरा का रहने वाले हैं। वर्तमान में कोलार में स्वागत बंगले काॅलोनी में रहते हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा चार बड़ी बहनें हैं। इनमें कृष्णा सबसे छोटी थी। वर्ष 2018 में सुरेश कुमार और कृष्णा की अरेंज मैरिज करवा दी थी।जीजा जी का नेचर अच्छा था। इस केस में कोई चौथा व्यक्ति हो सकता है। पारिवारिक नहीं है, पुलिसवालों का मैटर है। पुलिस वालों की आपस में तो दुश्मनी रहती है, बाहर भी रहती है। आशंका है कि किसी बाहर वाले की साजिश हो सकती है। जीजा जी से दो दिन पहले बात हुई थी। बहन से शुक्रवार रात 7.30 बजे बात हुई थी। कहा था कि गेहूं पिसवाकर रख लेना। वारदात वाले दिन माता-पिता परिवार में गमी होने के कारण राजगढ़ गए थे। शनिवार को वह सीआरपीएफ का पेपर देने गया था। इस बीच, बड़ी बहन ने फोन कर घटना के बारे में बताया।