Home > अपना शहर ,
कांग्रेस नेता के घर दिनदहाड़े चोरी, लाइसेंसी रिवॉल्वर भी ले गए चोर

भोपाल. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चोर बेखौफ हो चुके हैं और दिनों दिन चोरी की वारदातों हो रही हैं। मंगलवार को भोपाल के बेखौफ चोरों ने कांग्रेस नेता के सरकारी निवास को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया जो भोपाल शहर में पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल उठाने वाला है, सवाल ये उठ रहा है कि जब नेताओं के घर सुरक्षित नहीं हैं तो फिर आमजनता के घरों की रखवाली तो भगवान भरोसे ही हो रही है।

लाइसेंसी रिवॉल्वर, जरूरी दस्तावेज चोरी
भोपाल में बेखौफ चोरों ने मंगलवार को दिनदहाड़े शहर के पॉश इलाके शिवाजी नगर में स्थित कांग्रेस नेता केके मिश्रा के सरकारी आवास E 109/7 को अपना निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक चोर दिनदहाड़े घर में घुसे और घर से महत्वपूर्ण दस्तावेज, करीब 20 हजार रुपए नकद और केके मिश्रा की लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी कर ले गए हैं। केके मिश्रा को जब आवास में चोरी होने की जानकारी लगी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बता दें कि केके मिश्रा मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष हैं।

केके मिश्रा बोले जरूरी दस्तावेज हुए चोरी
केके मिश्रा के घर हुई चोरी की खबर लगते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु की। केके मिश्रा के द्वारा पुलिस में जो शिकायत दर्ज कराई गई है उसमें उन्होंने बताया है कि घर से एक घोटाले से जुड़े जरुरी दस्तावेज चोरी हुए हैं। साथ ही 20-22 हजार रुपए चोरी हुए हैं। जिस वक्त ये घटना हुई केके मिश्रा किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे।

Share This News :