Home > अपना शहर ,
विधायक रामबाई बोलीं-काहे का सिंधिया का गढ़:ग्वालियर में कहा-भाजपा में टिकट बिकते हैं; सिंधिया ने अपने हित के लिए पार्टी बदली

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम की 89वीं जयंती के बहाने पार्टी ने मध्यप्रदेश में चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। इस मौके पर ग्वालियर, रीवा, उज्जैन और सीहोर में कार्यक्रम किए गए। ग्वालियर की सभा में बसपा नेता बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर बरसे। खासकर विधायक रामबाई ने सिंधिया के लिए बड़ी बात कह दी। उन्होंने ग्वालियर को लेकर कहा कि काहे का सिंधिया का गढ़। यह जनता का गढ़ है। उन्होंने कहा- भाजपा में टिकट बिकते हैं।ग्वालियर में फूल बाग मैदान पर आयोजित बसपा के सम्मेलन में निवाड़ी के भाजपा नेता व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अवधेश प्रताप सिंह राठौर ने भी बसपा की सदस्यता ली।

सभा में ये बोलीं बसपा विधायक रामबाई

यहां पत्रकारों ने विधायक रामबाई से पूछा कि ग्वालियर सिंधिया का गढ़ है। यहां बसपा चुनाव में कैसे आगे बढ़ेगी? इस पर रामबाई का पारा चढ़ गया। उन्होंने कहा कि ‘काहे का सिंधिया का गढ़, यह जनता का गढ़ है। सिंधिया ने कौन जनता के लिए दल बदलो है, वे तो अपने लिए पार्टी बदले हैं। अपने हित के लिए दल बदल कर दूसरी पार्टी में चले गए, काहे का गढ़। जनता जब करवट लेती है, तो अच्छे अच्छों को धूल चटा देती है। सिंधिया क्या हारे नहीं?’ दूसरी पार्टी में जाकर पहले की पार्टी की बुराई करने लगे। ऐसा काम ही क्यों करो कि अपनी पहली पार्टी की बुराई करनी पड़े, इसलिए अपनी ही पार्टी में रहो, वो बढ़िया है।

बसपा में नहीं, भाजपा में बिकते हैं टिकट

एक सवाल के जवाब में विधायक रामबाई ने कहा कि बसपा में नहीं, बल्कि भाजपा में टिकट बिकते हैं। भाजपा में टिकट का हिसाब ही यह है कि ज्यादा पैसे दे जाओ और टिकट ले आओ। मैं बसपा का उदाहरण हूं। एक रुपया खर्च किए बिना टिकट लिया और जीती भी। अगर बसपा की सरकार बनती है, तो आपको वो सभी सुविधाएं मिलेंगी, जिनके आप हकदार हैं। एक कार्यकर्ता अगर 10 लोगाें को बीएसपी को वोट करने के लिए प्रेरित करेगा, तो हमारी सरकार बन जाएगी।

आप’ का MP में वजूद नहीं

विधायक रामबाई से जब पूछा गया कि तीसरे दल के रूप में आम आदमी पार्टी ने हुंकार भर दी है। इस पर रामबाई का कहना था कि आप का अभी मध्य प्रदेश में वजूद नहीं है। कहीं भी दो से तीन हजार वोट से ज्यादा नहीं मिल रहे। अभी उन्हें समय लगेगा, लेकिन बहुजन समाज पार्टी इस बार सत्ता की चाबी अपने पास रखेगी।

Share This News :