Home > अपना शहर ,
रिटायर्ड कर्नल के घर चोरों का धावा:अलमारी में रखे डायमण्ड ज्वेलरी सहित 18 लाख ले उड़े

ग्वालियर में घायल पिता की देखरेख करने के लिए गए रिटायर्ड कर्नल के सूने घर के ताले चटकाकर चोर डायमण्ड, सोने, चांदी सहित अन्य कीमती माल पर हाथ साफ कर गए। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सी 9 गोविन्दपुरी की है। घटना का पता उस समय चला जब रिटायर्ड कर्नल वापस लौटे तो ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। मामला समझ में आते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जब घर के आसपास लगे CCTV कैमरे चेक किए तो दो चोर घर के अंदर दाखिल होते हुए कैद हुए हैं फिलहाल पुलिस ने CCTV के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

यह है पूरा मामला

ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सी 9 गोविन्दपुरी निवासी प्रदीप सिंह चौहान पुत्र प्रदीप सिंह चौहान सेना से रिटायर्ड कर्नल हैं। रिटायरमेंट के बाद से ही वह यहां पर रह रहे है। दो दिन पहले उनके पिता रिटायर्ड कर्नल उमराव सिंह चौहान गिरने से घायल हुए थे और इसका पता जब उन्हें चला तो वह घर पर ताले डाल कर पिता की देखभाल करने के लिए चले गए थे। सूना घर देखकर चोरों ने धावा बोला और अलमारी में रखे डायमण्ड सेट, सोने व चांदी के जेवरों के साथ ही चांदी की थाली, चांदी के गिलास व जग सहित अन्य सामान गायब था। मामले का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। चोरी गए माल की कीमत करीब 18 लाख रुपए बताई गई है।

ऑटो से आए थे चोर

पुलिस ने जब वहां पर लगे सीसीटीवी खंगाले तो पता चला कि घर के अंदर दो चोर रात करीब 2.10 बजे अंदर आए थे और रात 2.35 बजे उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की वायर काट दी थी, जिससे उनकी रिकॉर्डिंग नहीं हो सके। पुलिस ने फुटेज लेकर संदेही चोरों की तलाश शुरू कर दी है। जब तक चोर घर में अंदर रहे, तब तक एक ऑटो उनके दरवाजे पर $खड़ा नजर आया है। इससे पुलिस का मानना है कि चोर संभवत: ऑटो से आए होंगे। अब पुलिस चोरों के साथ ही ऑटो की तलाश में जुटी हुई है।

विश्वविद्यालय थाना प्रभारी मनीष धाकड़ का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। चोरों के फुटेज मिले हैं, फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा.

Share This News :