व्यापारी को लगाया 89 लाख का चूना
ग्वालियर में डीडी मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर दुकान बेचने के नाम पर दो ठगों ने कपड़ा व्यापारी को 89 लाख रुपए की चपत लगा दी। घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के बी-ब्लॉक समाधिया कॉलोनी की है। घटना का पता उस समय चला जब काफी समय बीतने के बाद भी दुकान की रजिस्ट्री नहीं की।
रजिस्ट्री नहीं होने पर व्यापारी ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें चेक व हुंडी (बाजार में विश्वास के दम पर दी जाने वाली पर्ची) दी, चेक जब बैंक में लगाए तो वह बाउंस हो गए। ठगी का शिकार व्यापारी ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शहर के जनकगंज स्थित बी-ब्लॉक समाधिया कॉलोनी निवासी नवीन तलरेजा कपड़ा व्यवसायी है। उनका कपड़ों के साथ ही अन्य कारोबार है। वर्ष 2019 में विशाल हुदवानी व रामचंद्र हुदवानी ने डीडी मॉल स्थित एक दुकान का सौदा करने का प्रस्ताव उन्हें दिया। प्रस्ताव अच्छा था तो वह भी तैयार हो गए और दुकान के लिए एग्रीमेंट कर लिया। एग्रीमेंट करने के बाद 20 दिसम्बर 2019 से दो फरवरी 2020 के बीच 89 लाख रुपए उन्हें दे दिए। इसके बाद रामचंद्र व विशाल जल्द ही उनके नाम दुकान की रजिस्ट्री करने का वादा करते रहे और उन्हें नित नए बहाने बनाकर टरकाते रहे। शंका होने पर जब उन्होंने दबाव बनाया तासे उन्होंने दुकान बेचने से इनकार कर दिया और जब रुपए वापस करने की बात की तो उन्होंने उसे जल्द ही पैसे लौटाने का आश्वासन दिया।
थमाई हुंडी और चेक, हुए बाउंस
जब नवीन ने उन पर ज्यादा दबाव बनाया तो आरोयिों ने उन्हें सत्तर लाख रुपए की हुंडी और सत्तर लाख रुपए के चेक थमा दिए और जब उन्होंने चेक बैंक में लगाए तो चेक बाउंस हो गए। बाजार में व्यापारी हुंडी मतलब विश्वास पर पैसा चलाने के लिए एक पर्ची देते हैं। इसकी वैल्यू बाजार में चेक से कम नहीं होती है, लेकिन हुंडी का पैसा भी व्यापारी को नहीं मिला।
हर बार मिला एक नया बहाना
चेक बाउंस होने से पहले नवीन रामचंद्र और विशाल से पैसे वापस करने के लिए कहते तो हर बार वह नया बहाना बना देते थे और फिर धमकी दी कि उनके पास पैसे नहीं है। धोखधड़ी का शिकार पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस कप्तान से की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच सीएसपी लश्कर को दी। जांच के बाउ सीएसपी के निर्देश पर जनकगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना
इस मामले में जनकगंज थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने कहा है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।