दोस्त के घर जाने की कहकर निकला था, रेलवे ट्रैक पर मिला शव
ग्वालियर में घर से दोस्त के घर खेलने जाने की कहकर निकले दसवीं के छात्र का शव करीब 12 घंटे के बाद रेलवे ट्रैक पर मिला है। छात्र की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। घटना की सूचना मंगलवार सुबह पुलिस को मिली। घटना छात्र के घर से कुछ ही दूरी की है। पुलिस पड़ताल कर रही है कि यह मौत एक हादसा है या खुदकुशी।
पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही छानबीन शुरू कर दी है। पता लगा है कि मृतक दसवीं का छात्र है। उसके पेपर 20 मार्च को खत्म हुए हैं। एक पेपर उसका हल्का बिगड़ गया था। दो से तीन दिन पहले कोचिंग को लेकर भी पिता से बहस हुई थी।
शहर के महाराजपुरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन निवासी अनीष कुमार एयरफोर्स में कर्मचारी हैं। उनका बेटा 16 वर्षीय अभिषेक दसवीं कक्षा का छात्र है और 20 मार्च को ही उसकी परीक्षा खत्म हुई है। सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे घर से दोस्त के साथ खेलने की कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। छात्र की मां ने उसके दोस्त को कॉल किया तो पता लगा कि वह तो उसके पास पहुंचा ही नहीं। रात 8 बजे उसके अनीष कुमार जब ड्यूटी से घर लौटे तो उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चलने पर वह थाने पहुंचे और छात्र के लापता होने की शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू की और देर रात तक छात्र का कुछ पता नहीं चला।
रेलवे ट्रैक पर मिला लापता छात्र का शव
महाराजपुरा पुलिस मंगलवार सुबह लापता छात्र की तलाश शुरू कर दी उससे पहले ही सूचना मिली कि एक कम उम्र के लड़के का शव महाराजपुरा एरिया में रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू की। मृतक का हुलिया छात्र से मिलता प्रतीत हुआ तो पुलिस ने परिजन को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंची और रेलवे लाइन पर पड़ी लाश की शिनाख्त छात्र के रूप में दी है।
हादसा या खुदकुशी में उलझी पुलिस
पुलिस पड़ताल में पता चला है कि छात्र का एक पेपर खराब हुआ था। जिस कारण वह परेशान था। छात्र के पिता उसे महाराजपुरा इलाके में कोचिंग पर आगे पढ़ाना चाहते थे, लेकिन छात्र सिटी सेंटर में एक कोचिंग पर जाने की जिद कर रहा था। इसको लेकर भी पिता से बहस हुई थी। इससे पुलिस को आशंका है कि छात्र ने पेपर बिगड़ने के चलते या फिर कोचिंग के इश्यू को लेकर यह कदम उठाया हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।