Home > अपना शहर ,
NHM पर्चा लीक: MEL कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले 3 कर्मचारी पकड़े

NHM संविदा स्टाफ नर्सिंग भर्ती परीक्षा के पेपर आउट कांड में पुलिस ने MEL कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले 3 कर्मचारियों को भोपाल, इंदौर, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए कर्मचारी चिराग अग्रवाल, दीपक कुमार व एक अन्य को पुलिस ने भोपाल के एमपी नगर, इंदौर विजयानगर व दिल्ली के पास से पकड़ा है। पकड़े गए तीनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

सीएसपी सियाज केएम ने बताया कि पेपर आउट कांड के सरगना राजीव नारायण मिश्रा, तरुणेश अरजरिया उर्फ गुरू से पूछताछ में पुलिस को सुराग मिला था कि MEL कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारी पेपर आउटकांड में शामिल हैं। इस सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने भोपाल में दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ा है। अब रिमांड पर लेकर इनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के सवालों के सामने ढेर हुए थे MEL के इंजीनियर
- जैसा की एनएचएम पर्चा लीक कांड के आरोपियों द्वारा बताया गया था कि उन्होंने MEL कंपनी के सर्वर से हैकर के जरिए उन्होंने पेपर लिया था। इसी मसले पर पुलिस ने MEL कंपनी के इंजीनियर सहित अन्य स्टाफ से पूछताछ की थी। कंपनी का कोई भी सदस्य पुलिस के सवालों का सटीक जवाब नहीं दे सका था। इससे पुलिस का शक और गहरा गया है। पुलिस ने कंपनी के स्टाफ को एक दिन की पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन शक बढ़ने पर तीन दिन रोक कर पूछताछ की है। अब कंपनी में ठेके पर काम करने वाले दो कर्मचारियों के पकड़े जाने और पूरे रैकेट से जुड़े होने के बाद कंपनी के अफसरों की मिलीभगत की संभावना बढ़ गई है।
पेपर आउट कांड में अब तक 16 गिरफ्तारियां
ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने गैंग के 16 सदस्यों को अभी तक इस रैकेट में पकड़ा है, इनमें धनंजय पुत्र सुशील पांडे रानीपुर प्रयागराज उत्तर प्रदेश, रजनीश उर्फ रवि पुत्र रमेश जाट, जोगिंदर पुत्र रामचंद्र जाट निवासी सोनीपत हरियाणा, ऋषिकांत पुत्र रामभरोसे त्यागी महलगांव ग्वालियर, सौरभ पुत्र अवधेश तिवारी मिर्जापुर उत्तर प्रदेश, मनीष पुत्र शिवकुमार पासवान नालंदा बिहार, विपिन पुत्र वीरेंद्र शर्मा अटेर भिंड, दीपू पुत्र सतराम पांडे निवासी नारायण विहार कॉलोनी थाना गोला का मंदिर ग्वालियर हैं। इसके बाद अमित गहरवार और जयपुर से प्रेम प्रकाश उर्फ प्रेम खींची को भी पुलिस ने पकड़ा था। 9 मार्च को पुलिस ने मास्टर माइंड राजीव नारायण मिश्रा उर्फ आरएन व पुष्कर पांडे को गिरफ्ता किया था। इसके बाद 13वां आरोपी पन्ना निवासी तरुणेश अरजरिया उर्फ गुरु पकड़ा था। अब 3 आरोपी चिराग अग्रवाल व दीपक कुमार व एक अन्य को पुलिस ने पकड़ा है। अब तक टोटल गिरफ्तारी 16 हो गई है।
ऐसे समझिए पूरा मामला
ग्वालियर के डबरा स्थित टेकनपुर में 7 फरवरी को NHM संविदा स्टाफ नर्सिंग परीक्षा से पहले पुलिस ने पेपर आउट करने वाली गैंग के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पेपर रद्द कर दिया था। बाद में हाईकोर्ट ने भी आगामी आदेश तक परीक्षाओं पर रोक लगा दी। आरोपी हाईवे पर होटल से 2 से 3 लाख रुपए में नर्सिंग की तैयारी कर रहे छात्रों को आने वाले पेपर के सवाल सॉल्व करा रहे थे।गिरोह के अन्य सदस्य व चेन को तलाशने के लिए पुलिस की 6 टीम, जिनमें 45 जवान व अफसर थे। चार से पांच राज्यों में 10 दिन तक खाक छानने के बाद लौट आए थे। इसके बाद पुलिस ने भोपाल से एक एजेंट को पकड़ा, जिसके अकाउंट में मास्टरमाइंड ट्रांजेक्शन करता था। डेढ़ महीने में 50 लाख और एक साल में डेढ़ करोड़ रुपए फेक पंजीयन पर बनी कंपनी के नाम पर खोले गए खाते में आए थे। अब तक इस मामले में 15 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
पेपर कैसे मिला अभी तक नहीं हुआ है खुलासा
- पुलिस ने इस मामले में अब तक 16 आरोपी पकड़े हैं। जिनको मास्टर माइंड बताया जा रहा था वह भी पकड़े गए हैं। MEL, SAMS कंपनी के कर्मचारियों से कई बार पूछताछ हो चुकी है, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों से बरामद मोबाइल की फोरेंसिक जांच नहीं करा पाई है। उससे ही पता चल सकेगा कि आरोपी किस-किस से संपर्क करते थे। पेपर आउट से दो दिन पहले से दो दिन बाद तक किस-किस को कॉल किए।
पुलिस का कहना
सीएसपी लश्कर सियाज केएम का कहना है कि नेशनल हेल्थ मिशन के स्टाफ नर्सिंग भर्ती परीक्षा में एक और सफलता मिली है। तीन आरोपियों को भोपाल, इंदौर व दिल्ली से गिरफ्तार किया है। यह एमईएल कंपनी में ठेके पर काम करते थे। रैकेट से सीधे जुड़े हुए थे, इसलिए इनको पकड़ा गया है।

Share This News :