जिम ट्रेनर ने घर में घुसकर किया रेप, बेटे की गर्दन पर चाकू रख दी जान से मारने की धमकी
ग्वालियर में जिम ट्रेनर ने महिला के घर में घुसकर उसका रेप कर दिया। आरोपी ने महिला के बेटे को चाकू की दम पर धमकी दी। विरोध करने पर महिला की पिटाई की। महिला 6 साल से पति से अलग रह रही थी। चार साल पहले जिम ट्रेनर युवक ने पहचान छुपाकर उससे दोस्ती की। इसी बीच पता चला कि वह मुसलमान है, तो उसने दोस्ती तोड़ कर दूरी बना ली थी। युवक फोन करके संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गोला का मंदिर की रहने वाली 32 वर्षीय महिला ने थाने में शिकायत की। उसने बताया कि वह पति से 6 साल से अलग रहकर बेटे का पालन पोषण कर रही है। 4 साल पहले उसकी पहचान जिम ट्रेनर फिरोज उर्फ राजा खान पुत्र अशरफ मोहम्मद निवासी कंपू थाना क्षेत्र के बाबा कपूर की दरगाह के पीछे रहने वाले से हुई थी। कुछ दिन बाद ही उनकी अच्छी दोस्ती हो गई थी। उस वक्त राजा ने अपने बारे में नही बताया था। दो महीने पहले ही उसे पता चला कि राजा का धर्म अलग है। वह मुसलमान है। इस पर उसने राजा से बातचीत बंद कर दूरी बना ली थी।
फोन पर संबंध बनाने का दबाव बना रहा था
15 मार्च की रात 9:00 बजे वह घर पर बेटे को पढ़ाकर खाना खाने के बाद सो गई थी। रात 11:00 बजे फिरोज घर में घुस आया। बेटे की गर्दन पर चाकू रखकर उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर मारपीट की। घर में भी तोड़फोड़ की। जाने से पहले धमकी दी कि पुलिस से शिकायत की तो जान से मार देगा। फिलहाल आरोपी फरार है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
गोला का मंदिर थाना प्रभारी राम नरेश यादव का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।