Home > अपना शहर ,
बोला- मैं सुसाइड करने जा रहा...; परिवार का आरोप- युवती पैसों के लिए प्रताड़ित करवा रही थी

ग्वालियर में 32 साल के युवक ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। खुदकुशी से पहले युवक ने प्रताड़ित करने वाले चार युवकों के नाम बताते हुए 24 सेकंड का VIDEO बनाया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर 5 मिनट बाद जान दे दी। परिवार का कहना है कि चारों युवक एक युवती के कहने पर उसे परेशान कर रहे थे। युवती पैसों की डिमांड कर ब्लैकमेल करती थी।

घटना शहर के पुरानी छावनी निरावली स्थित छोटे का पुर की है। मृतक युवक का नाम रिंकू यादव है। सुसाइड से पहले उसने VIDEO शूट कर उसे फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया। रिंकू मजदूरी करता था।

नीचे था परिवार, ऊपर लगाई फांसी

मृतक के भाई लल्लू यादव ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम हम अपने घर पर नीचे के रूम में थे। रिंकू दूसरी मंजिल पर अपने रूम में था। उसकी पत्नी प्रीति के चीखने की आवाज आई। हम लोग दूसरी मंजिल पर पहुंचे, तो रिंकू फंदे पर लटका हुआ था। दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे और उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हालांकि, हम उसे अस्पताल भी लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल के पास पड़ा उसका मोबाइल ऑन था, साथ ही उसका सोशल मीडिया अकाउंट भी खुला था। जिसमें 5 मिनट पहले ही एक VIDEO अपलोड किया गया था। तत्काल पुलिस को सूचना दी।

24 सेकंड के VIDEO में क्या?

रिंकू ने मरने से पहले अपने मोबाइल में 24 सेकंड का एक VIDEO शूट किया। इसमें उसने खुदकुशी के लिए चार युवकों को जिम्मेदार बताया। उसने कहा- मैं रिंकू यादव सुसाइड करने जा रहा हूं। मेरी मौत के चार लोग जिम्मेदार हैं- संजू शर्मा, रूपसिंह ठेकेदार, अतर सिंह कुलैथ और सौरभ निवासी लहार, जो अभी ग्वालियर में रह रहा है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है और इस VIDEO को जांच के लिए निगरानी में लिया है। मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। VIDEO के आधार पर जिनके नाम लिए गए हैं, उनको तलब किया जाएगा।

युवती से बात करता था युवक

मृतक के भाई लल्लू यादव ने पुलिस को बताया कि रिंकू ने एक बार उससे कहा था कि वह पहले गदाईपुरा में रहने वाली राधा नाम की एक युवती से बात किया करता था। वह युवती कुछ समय से उससे रुपयों की मांग कर रही है। जब उसने युवती को रुपए देने से मना कर दिया तो उसने चारों आरोपी लड़कों (संजू, रूपसिंह, अतर और सौरभ) से उस पर दबाव डलवाया। इसके बाद से ही चारों लगातार उसे परेशान कर रहे थे। मृतक के भाई का आरोप है कि रिंकू की मौत के लिए युवती सहित पांचों आरोपी जिम्मेदार हैं। ASP ऋषिकेश मीणा का कहना है कि प्रताड़ित करने वालों पर जांच कर FIR की जाएगी।

Share This News :