Home > अपना शहर ,
पुलिस अफसर के ड्राइवर को गोली लगी, गंभीर

ग्वालियर में महाराजपुरा सर्किल के CSP के सरकारी गाड़ी के ड्राइवर को गोली लगी है। गोली ठोड़ी से माथे को चीरते हुए गाड़ी की छत के आर-पार हो गई। घायल ड्राइवर खुद CSP के दरवाजे पर पहुंचा और डोरबेल बजाकर बोला- गोली चल गई...। पुलिस अधिकारी खुद उसे JAH लेकर पहुंचे।

अस्पताल में जब उसे भर्ती कराया गया, तो वह बात कर रहा था। उसे ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। डॉक्टरों का कहना है उसका ब्रेन बच गया है, लेकिन गोली लगने से अत्यधिक ब्लीडिंग हुई है। अभी हालत गंभीर है। शुरुआत में पुलिस इसे सुसाइड अटैम्प्ट का केस मान रही थी, लेकिन परिवार ने ऐसी किसी बात का अंदेशा नहीं जताया, जिससे यह बात साबित हो सके। इसीलिए पुलिस अब इसे हादसे के एंगल से भी देख रही है। घायल के बयान नहीं हो सके हैं।

CSP रवि भदौरिया ग्वालियर शहर के सचिन तेंदुलकर मार्ग डीबी सिटी सोसायटी में रहते हैं। उन्हें मिली सरकारी गाड़ी का ड्राइवर होमगार्ड जवान केंद्र सिंह किरार है। रविवार रात CSP अपनी ड्यूटी से लौटकर घर पहुंचे। सरकारी गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी। उनकी पिस्टल भी गाड़ी में रखी थी। SP राजेश सिंह चंदेल और दूसरे पुलिस ऑफिसर भी रात में ही अस्पताल पहुंच गए।

SP राजेश सिंह चंदेल का कहना है कि रात को जिस समय जवान को गोली लगी, उसकी ड्यूटी खत्म हो चुकी थी। उसे पिस्टल जमा करानी थी, लेकिन इससे पहले यह हादसा हो गया। जिस तरह घटना हुई है, उससे यह तो साफ है कि गोली होमगार्ड सैनिक के हाथ से चली है, लेकिन यह एक हादसा है। अभी पुलिस जांच कर रही है।

Share This News :