Home > अपना शहर ,
19 IAS अफसरों के तबादले,हर्ष सिंह आयुक्त नगरनिगम ग्वालियर

मध्यप्रदेश सरकार ने 19 आईएएस अफसरों के तबादले किए हैं। कलेक्टर भोपाल अविनाश लवानिया को प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश जल निगम भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अविनाश लवानिया की जगह कौशलेंद्र विक्रम सिंह भोपाल के नए कलेक्टर होंगे। इसके अलावा इंदौर की निगमायुक्त प्रतिभापाल को रीवा कलेक्टर बनाया गया है। जबकि हर्षिका सिंह को इंदौर की नई निगम आयुक्त बनाया गया है। हर्षिका सिंह मंडला की कलेक्टर थी। सात जिलों के कलेक्टर बदले हैं। पढ़ें पूरी लिस्ट..

इन जिलों में ये होंगे नए कलेक्टर

भोपाल- कौशलेंद्र विक्रम सिंह

रीवा- प्रतिभा पाल

मंडला - डॉ. सलोनी सिडाना

नीमच - दिनेश जैन

शाजपुर - किशोर कुमार कन्याल

दमोह - मयंक अग्रवाल

झाबुआ - सुश्री तन्वी हुड्‌डा

नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए छह कलेक्टर बदल दिए। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया के स्थान पर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, इंदौर नगर निगम की आयुक्त प्रतिभा पाल को रीवा कलेक्टर बनाया गया है। शाजापुर और नीमच कलेक्टरों को दूसरे जिलों की जिम्मेदारी दी गई है।

सोमवार को देर रात सरकार ने 19 आइएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इसमें चुनाव को देखते हुए मैदानी पदस्थापनाएं की गई हैं। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया को मध्य प्रदेश जल निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। उन्हें भोपाल में तीन साल होने वाले थे, इसलिए उन्हें नई जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना पहले से थी।

कौशलेंद्र विक्रम सिंह ग्वालियर कलेक्टर थे। उन्हें वहां से हटाकर मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर सचिव बनाया गया था। वे अब भोपाल कलेक्टर होंगे। इंदौर नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल के बेहतर कामकाज को देखते हुए उन्हें रीवा जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी दी गई है।

रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प अब महिला एवं बाल विकास विभाग के उपसचिव होंगे। शाजापुर कलेक्टर दिनेश जैन पर भरोसा जताते हुए उन्हें अब नीमच का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, नीमच के कलेक्टर मयंक अग्रवाल को स्थानांतरित करते हुए दमोह कलेक्टर बनाया गया है।

दमोह कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य अब रोजगार गारंटी परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी होंगे। अभी यह जिम्मेदारी सूफिया फारूकी वली संभाल रही थीं। उन्हें हस्तशिल्प एवं हाथकरघा निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है।सूत्रों के अनुसार इंदौर नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल को भोपाल का कलेक्टर बनाया जाना लगभग तय हो गया था। इंदौर में हुई बावड़ी दुर्घटना को देखते हुए अंतिम समय में उन्हें भोपाल के स्थान पर रीवा कलेक्टर बनाने का निर्णय लिया गया। कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ओंकारेश्वर में महत्वाकांक्षी आदि गुरू शंकराचार्य की परियोजना का काम देख रहे थे। सरकार उन्हें बिलकुल भी डिस्टर्ब नहीं करना चाहती थी, लेकिन बदली हुई परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें भोपाल कलेक्टर बनाने का निर्णय लिया गया।मंडला कलेक्टर हर्षिका सिंह अब इंदौर नगर निगम आयुक्त होंगी। उन्हें मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, झाबुआ कलेक्टर रजनी सिंह अपर आयुक्त वाणिज्यिक कर इंदौर, नगर निगम ग्वालियर के आयुक्त किशोर कान्याल को शाजापुर कलेक्टर, अपर आयुक्त वाणिज्यिक कर इंदौर तन्वी हुड्डा को कलेक्टर झाबुआ, जबलपुर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डा.सलोनी सिडाना को कलेक्टर मंडला, सीहोर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हर्ष सिंह को नगर निगम आयुक्त ग्वालियर, ग्वालियर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीहोर, अपर कलेक्टर ग्वालियर जयति सिंह को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जबलपुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बालाघाट विवेक कुमार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ग्वालियर, उप सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी हरसिमरनप्रीत कौर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आगर मालवा और एसडीएम महू अक्षत जैन को एसडीएमराजनगर छतरपुर पदस्थ किया गया है। वहीं, ग्रामीण विकास सेवा के डीएस रणदा को आगर मालवा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के स्थान पर बालाघाट जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है।

Share This News :