CM को काले झंडे दिखाने वाले 10 गिरफ्तार:कांग्रेस नेताओं को घसीटते हुए थाने ले गई पुलिस
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज लाडली बहना योजना सम्मेलन के लिए खंडवा पहुंचे हैं। CM के आने से पहले 10 से ज्यादा कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वे राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने के विरोध में CM को काले झंडे दिखाने की रणनीति बना रहे थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने गांधी भवन और इंदिरा चौक पर दबिश दी। पुलिस यहां से कांग्रेस नेताओं को घसीटते हुए कोतवाली ले गई।
सीएम जिले की चारों विधानसभाओं के 140 करोड़ रुपए के कामों का एक साथ भूमिपूजन और लोकार्पण करने वाले थे, लेकिन विधायकों की आपत्ति के बाद ये कार्यक्रम रद्द हो गया है।
खंडवा में आयोजित कार्यक्रम में हरसूद, पंधाना और मांधाता विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र के कार्यों के भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रम पर आपत्ति जताई। इसके बाद पंधाना विस क्षेत्र की पंधाना-कालांका वाया टंट्या मामा के गांव बड़ौदा अहीर की सड़क सहित अन्य भूमिपूजन और लोकार्पण को जिला प्रशासन ने निरस्त कर दिया है। विधायकों की मांग है कि मुख्यमंत्री उनके क्षेत्र में आकर लोकार्पण और भूमिपूजन करें। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दादाजी मंदिर, संघ कार्यालय और भाजपा कार्यालय जाने का भी था, लेकिन सोमवार शाम 7 बजे CM के प्रोग्राम में बदलाव किया गया है।