ड्राइवर की लगी झपकी, पुल से टकराई बस
ग्वालियर से भिंड की ओर जा रही तेज रफ्तार बस के चालक की अचानक झपकी लग गई। चालक की झपकी लगते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर पुल के पोल से टकरा गई। हादसे के समय बस में सवार यात्री नींद में थे।
जिससे एक दूसरे के ऊपर आकर गिरे और घायल हो गए। घटना भिंड रोड पर महाराजपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ के पास शनिवार सुबह की है। हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है। हादसे में तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
भिण्ड अमायन निवासी संजीव खान पुत्र बच्चू खान ने शिकायत की है कि वह बस क्रमांक RJ11 PA-2842 से भिण्ड जाने के लिए सवार हुआ था। सुबह करीब चार बजे बस जब लक्ष्मणगढ़ के पास पहुंची तो चालक से बस का संतुलन बिगड़ गया और बस लहराते हुए कच्चे रास्ते पर उतरी और लक्ष्मणगढ़ पुल के नीचे सीमेंट और बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे के समय बस में सवार यात्री नींद में थे। जैसे ही बस पोल से टकराई, बस में नींद में सफर कर रहे सभी यात्री एक दूसरे पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद बस से यात्रियों की चींख-पुकार मच गई। घटना का पता चलते ही वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही बचाव में जुट गए। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल यात्रियों को उपचार के लिए भर्ती कराया है।
20 से ज्यादा घायल, तीन गंभीर
हादसे के बाद पुलिस ने घटना स्थल से डेढ़ दर्जन से ज्यादा घायल यात्रियों को उपचार के लिए भर्ती कराया है। जहां पर 3 की हालत गंभीर बताई गई है। शेष सभी यात्री मामूली घायल थे जिन्हें तत्काल अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। गंभीर घायलों का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
ट्रक चालक की सतर्कता से टली घटना
जिस समय हादसा हुआ था उस समय सामने से एक ट्रक आ रहा था, बस की स्थिति देखते ही ट्रक चालक ने काफी पहले ही अपना ट्रक रोक लिया था, जिससे हादसा टल गया और चालक सतर्क नहीं होता तो ट्रक बस से टकरा जाता और कई लोगों की जान चली जाती।
टीआई महाराजपुरा पंकज त्यागी ने बताया कि बस अनियंत्रित होकर पोल से टकराने से डेढ दर्जन के करीब यात्री घायल हुए हैं। शिकायत पर आरोपी चालक पर मामला दर्ज कर लिया है।