Home > अपना शहर ,
तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो में टक्कर मारी; जीजा की मौत, साला सहित 7 घायल

ग्वालियर में सड़क हादसों के लिए बदनाम जौरासी घाटी में एक बार फिर रॉन्ग साइड आए डंपर ने बोलेरो जीप में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो में सवार एक युवक की मौत हो गई है, जबकि मृतक का साला बैंक मैनेजर सहित 7 लोग घायल हैं। घटना रविवार-सोमवार दरमियानी रात 3 से 4 बजे के बीच की है।

सड़क पर तड़पते घायलों को देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। रात को झांसी रोड थाना पुलिस व बिलौआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जेएएच पहुंचाया है। घटना के बाद चालक फरार हो गया है। पता लगा है कि मृतक व घायल खाटू श्याम सीकर राजस्थान से दर्शन कर घर लौट रहे थे।डबरा के चीनौर रोड निवासी पूरन सिंह पुत्र करण सिंह दो दिन पहले अपने साले सत्येन्द्र सिंह व अन्य रिश्तेदारों व साथियों के साथ खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए गए राजस्थान गए थे। रविवार शाम दर्शन के बाद पूरन और उनके साथी वापस आने के लिए रवाना हुए। रविवार-सोमवार दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच ग्वालियर-झांसी हाइवे वह जौरासी घाटी पर पहुंचे ही थे कि तभी सामने से रॉन्ग साइड आ रहे डंपर क्रमांक MPO7 GA-4821 के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी बोलेरों में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही चीखों से गूंज उठा हाइवे
हादसे के बाद घायलों की चीख से ग्वालियर-झांसी हाइवे गूंज उठा। वहां से गुजर रहे राहगीर मदद में जुटे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकलवाया। जहां पर पता चला कि पूरन सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी है। इसका पता चलते ही मृतक का शव पीएम हाउस भेजने के साथ ही घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया है। घायलों में मृतक का साला सत्येन्द्र सहित अन्य सात लोग थे। घटना के बाद मौका पाकर डंपर का चालक अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया।

Share This News :