Home > अपना शहर ,
सड़क हादसे में कांग्रेस पार्षद सहित तीन की मौत

धार जिले में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सरदारपुर के कांग्रेस पार्षद भी शामिल हैं। हादसा इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर हुआ। रात करीब 3 बजे पार्षद अपने दोस्तों के साथ जा रहे थे, तभी आगे चल रहे ट्रॉले में उनकी कार जा घुसी। इसके बाद भी ट्रॉला चलता रहा और कार को करीब 150 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसी बीच फोरलेन पर खडे़ कुछ लोगों ने वाहन को हाथ देकर रोका और हादसे के बारे में बताया।

हादसे की जानकारी मिलते ही SDOP सरदारपुर रामसिंह मेडा और टीआई प्रदीप खन्ना मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकाला गया। शव वाहन में बुरी तरह फंस गए थे, करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। ट्रॉले को क्रेन की मदद से फोरलेन से हटाया गया। उधर एक्सीडेंट के बाद कार पिचककर चकनाचूर हो गई।

हादसे में जान गवाने वाले पार्षद प्रथम गर्ग की किराना दुकान है, दो साल पहले शादी हुई थी, उनके बच्चे नहीं है। बता दें कि प्रथम ने भाजपा प्रत्याशी को 30 वोटो से हराकर चुनाव जीता था। वहीं अक्षय के पिता स्कूल टीचर है, अक्षय की अभी शादी नहीं हुई थी। अक्षय पार्षद के मकान में ही किराए से रहता था, दोनों अच्छे दोस्त थे।

फोरलेन को लेकर ध्यान नहीं

पिछले सोमवार की रात भी इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन मार्ग पर भेरू चौकी के पास ही सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी। यहां सड़क पर बिखरे गेहूं को समेट रहे चार किसानों को तेज रफ्तार आयशर वाहन ने चपेट में ले लिया था। इस हादसे को अभी एक सप्ताह ही हुआ था कि फिर तीन लोगों ने हादसे में जान गंवा दी। लोगों का कहना है कि फोरलेन पर कई खामियां है, लेकिन टोल कंपनी हादसों के बाद भी लापरवाह बनी हुई है। अधिकारी भी ध्यान नहीं दे रहे हैं।

Share This News :