बिकाऊ बिधायकों के कारण गिरी सरकार ; दिग्विजय
हमें यह स्वीकार करने में कहीं भी ऐतराज नहीं है कि हमारी कांग्रेस पार्टी का संगठन जैसा होना चाहिए, वैसा नहीं है। हमारा जो इलेक्शन मैनेजमेंट है, पोलिंग के दिन उसमें भी भारी कमी रहती है। उस प्रकार की तैयारी हमारी नहीं रहती है जैसी होना चाहिए। जनता हमें वोट देना चाहती है, लेकिन हमारे संगठन की कमी की वजह से पूरा नहीं कर पाते हैं। इसलिए कमलनाथ जी ने पूरे प्रदेश की विधानसभा सीटों को सही तरीके से सेक्टर-मंडल में बांटा है। विधानसभा क्षेत्र की हारी हुईं सीटों पर प्रदेश भर में दौरा कर रिपोर्ट तैयार कर कमलनाथ को सौंपी जाएगी।' - ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार को सीहोर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि 'मध्यप्रदेश में 2018 में हुए चुनाव में कांग्रेस की सरकार बन गई थी, लेकिन कुछ लोग बिक गए। जो गरीब विधायक थे वे नहीं बिके, लेकिन जो राजा महाराजा टाइप के लोग थे वे बिक गए। जिसके कारण सरकार चली गई। अगर कांग्रेस पार्टी के सभी लोग एकजुट होते तो किसानों का कर्जा माफ हो जाता। बिजली की दरें भी नहीं बढ़ती। इस बार फिर से जनता परिवर्तन चाहती है। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार मध्यप्रदेश में बनेगी।दिग्विजय सिंह ने बताया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को लगातार पराजय मिल रही है, उन विधानसभा क्षेत्रों में जाकर वह स्वयं कार्यकर्ताओं की बात सुन रहे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट है और चुनाव के लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि मतदान के दिन कांग्रेस इतनी मेहनत नहीं कर पाती है। जितनी करनी चाहिए लेकिन इस बार पूरी मेहनत की जाएगी।