कांग्रेस ने 16 नेताओं को सौंपी 52 जिलों की जिम्मेदारी
मप्र में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अलग-अलग नेताओं को तीन-तीन जिलों की जिम्मेदारी दी है। ये सभी नेता अपने क्षेत्र में अभी से चुनावी रणनीति बनाने का काम करेंगे। कांग्रेस की इस लिस्ट में नेताओं को क्षेत्रवार और जातीय समीकरणों के आधार पर प्रभार दिया गया है। नेताओं के जिलों के प्रभार की लिस्ट फाइनल हो चुकी है। एक दो दिन में इसका औपचारिक ऐलान हो जाएगा।
16 नेताओं में बांटा एमपी
- फूलसिंह बरैया को श्योपुर,मुरैना,भिंड की जिम्मेदारी दी गई है। बरैया ग्वालियर चंबल क्षेत्र में दलित वर्ग में अच्छी पैठ रखते हैं। बीजेपी ने हाल ही में अंबेडकर महाकुंभ का आयोजन किया था। एट्रोसिटी एक्ट आंदोलन का सबसे ज्यादा असर इसी इलाके में देखने को मिला था। ऐसे में दलित वोटर्स को आकर्षित करने के लिए बरैया चंबल संभाग के तीनों जिलों को संभालेंगे।
- पूर्व विधायक और दलित नेता फूल सिंह बरैया चंबल संभाग के तीन जिले संभालेंगे।
- अजय सिंह राहुल को ग्वालियर,दतिया,शिवपुरी की जिम्मेदारी दी गई है। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया के क्षेत्र ग्वालियर, दतिया और शिवपुरी की जिम्मेदारी दी गई है। अजय सिंह सिंधिया और तोमर क्षेत्र में कांग्रेस के संगठन को दुरुस्त करने से लेकर बूथ मैनेजमेंट और इलेक्शन की कैम्पेनिंग के लिए रणनीति बनाएंगे।
- अरुण यादव को निवाड़ी,टीकमगढ़,छतरपुर,सागर की जिम्मेदारी दी गई है। इस क्षेत्र में यादव वर्ग के वोटर्स निर्णायक हैं। इन जिलों में यादव वर्ग के कई नेता अलग-अलग पार्टियों से विधायक रह चुके हैं। लिहाजा यादव वोटर्स पर पकड़ मजबूत करने के लिए अरुण को यहां इंचार्ज बनाया गया है। टीकमगढ़, निवाड़ी दो ऐसे जिले हैं जहां कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं हैं।
- \अरुण यादव को बुन्देलखंड के चार अहम जिलों का प्रभारी बनाया गया है।
- जीतू पटवारी को सतना,पन्ना,दमोह,रायसेन की कमान दी गई है। पटवारी अपनी आक्रामक शैली के लिए जाने जाते हैं। विंध्य, बुन्देलखंड और भोपाल से सटे रायसेन में पटवारी कांग्रेस उम्मीदवारों को जिताने की रणनीति बनाएंगे।
- सुरैश पचौरी को सिंगरौली,सीधी,रीवा,कटनी- पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी विंध्य में ब्राह्मण वर्ग को साधने के लिए काम करेंगे। विंध्य में पिछली बार मिली करारी हार के बाद कांग्रेस ने सुरेश पचौरी को विंध्य का प्रभारी बनाया है।
- नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह अनूपपुर,शहडोल,उमरिया,जबलपुर का प्रभार दिया गया है। महाकौशल के मुख्यालय जबलपुर से लेकर अनुपपुर, उमरिया, शहडोल में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह को संगठन विस्तार से लेकर चुनाव जिताने की रणनीति बनाने का काम सौंपा गया है।
- तरुण भनोट डिंडौरी,बालाघाट,सिवनी,मंडला,नरसिंहपुर जिले का प्रभारी बनाया गया है। भनोट इन जिलों की एक-एक विधानसभा में दौरे कर जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे और चुनावी तैयारियों को अमली जामा पहनाएंगे।
- सज्जन सिंह वर्मा छिंदवाड़ा,बैतूल,हरदा,नर्मदापुरम की कमान दी गई है। वर्मा कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा से लेकर बैतूल, हरदा और नर्मदापुरम जिले में कांग्रेस को जिताने की प्लानिंग पर काम करेंगे।
- बाला बच्चन बुरहानपुर,खंडवा,धार की जिम्मेदारी दी गई है। बच्चन को निमाड में जिताऊ उम्मीदवारों को खोजने से लेकर चुनाव जिताने तक की जिम्मेदारी दी गई है।
- कांतिलाल भूरिया बड़वानी,खरगौन की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और मौजूदा विधायक कांतिलाल आदिवासी बहुल जिलों में कांग्रेस के उम्मीदवारों को जिताने की रणनीति बनाएंगे।
- आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया ट्राइबल बेल्ट में इंचार्ज रहेंगे।
- मीनाक्षी नटराजन को अलीराजपुर,झाबुआ,आगर की जिम्मेदारी दी गई है। नटराजन आदिवासी बहुल झाबुआ, अलीराजपुर के साथ ही आगर में कांग्रेस की वापसी के लिए काम करेंगी।
- कमलेश्वर पटेल नीमच,मंदसौर,रतलाम की जिम्मेदारी दी गई है। ओबीसी वर्ग के बडे़ चेहरे माने जाने वाले कमलेश्वर पटेल नीमच, रतलाम, मंदसौर में कांग्रेस को जिताने की रणनीति बनाएंगे।
- जयवर्धन सिंह को मिली इंदौर और उज्जैन की जिम्मेदारी दी गई है। दिग्विजय सिंह के बेटे और पूर्व मंत्री जयवर्द्धन सिंह को इंदौर और उज्जैन जैसे दो बडे शहरों की जवाबदारी दी गई है।
- रामनिवास रावत को मिली राजगढ़ और शाजापुर की कमान सौपी गई है। रावत इन दोनों जिलों में रावत, मीणा, गुर्जर, जाट जैसे समाज के लोगों को कांग्रेस के साथ जोडने की रणनीति बनाएंगे।
- केपी सिंह गुना,अशोकनगर,विदिशा की जिम्मेदारी दी गई है। पिछोर से विधायक केपी सिंह सिंधिया के क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण जिलों में कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन से लेकर जिताने तक की रणनीति पर काम करेंगे।
- लाखन सिंह यादव को मिली सीहोर और देवास की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव को सीएम शिवराज सिंह चौहान के गृहजिले सीहोर और देवास का प्रभारी बनाया गया है। लाखन सिंह के सामने इन जिलों में जिताऊ उम्मीदवारों को खोजकर उन्हें जिताने की चुनौती रहेगी।
पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी में हुआ था फैसला
दो दिन पहले पीसीसी चीफ कमलनाथ के बंगले पर ये तय हुआ था कि अलग-अलग नेताओं को तीन-चार जिलों का प्रभार दिया जाए। इस बैठक के बाद ही नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इन नेताओं को एक हफ्ते में इन जिलों में अपने दौरे के कार्यक्रम बनाने होंगे। सूत्र बताते हैं कि नेताओं को जिन जिलों का प्रभार दिया गया है उनमें से कई नेता अपने प्रभार से खुश नहीं हैं। नेताओं ने अपने गृहक्षेत्रों से लगे जिलों और प्रभाव वाले जिलों का प्रभार देने की मांग की है।
प्रभारी नेता जिलों में करेंगे ये काम
कांग्रेस के फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, मंडलम्, सेक्टर कमेटियों से लेकर बूथ कमेटियों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस के सभी 40 प्रकोष्ठों, विभागों के कार्यकर्ताओं का फिजिकल वेरिफिकेशन करेंगे।
विधानसभा चुनाव के मजबूत दावेदारों के नामों का पैनल बनाकर पीसीसी को भेजेंगे।
जिन सीटों पर कांग्रेस लंबे समय से हार रही है। उनके हारने के कारणों की रिपोर्ट बनाकर पीसीसी को आगे की संभावनाओं की रिपोर्ट देंगे।
जहां बीजेपी नेताओं के दबाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर प्रशासन के जरिए प्रेशर बनाया जा रहा है। ऐसे मामलों की जानकारी भेजेंगे
दूसरे दलों के नाराज नेताओं को कांग्रेस में शामिल कराने की भी रणनीति बनाएंगे।
कांग्रेस बडे़ नेताओं के बजाय स्थानीय स्तर पर बीजेपी के नाराज कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कांग्रेस में लाने की कोशिश में जुटी है।
स्थानीय गुटबाजी और मनमुटाव को दूर कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में समन्वय बनाने का काम करेंगे।
विंध्य में कास्ट पॉलिटिक्स का बोलबाला
विंध्य क्षेत्र में भी जातिगत राजनीति हावी है। इस अंचल में ब्राह्मण, ठाकुर और पिछड़ा वर्ग से कुर्मी भी दबदबा रहा है। कभी कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहे विंध्य में अब बीजेपी ने अभेद्य किला बना लिया है। 2003, 2008, 2013 और 2018 के चुनावों में बीजेपी को यहां कांग्रेस से ज्यादा सीटें मिली थीं। 2018 में भी जब कांग्रेस पार्टी कई सालों के बाद राज्य में सत्ता में लौटी तो उसे विंध्य में केवल 6 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। साथ ही साथ इस क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी का भी अच्छा खासा दबदबा है और कई बार बहुजन समाज पार्टी ने कांग्रेस का खेल बिगड़ने का काम किया है। वहीं पिछले कुछ विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को भी कुछ सीटों पर जीत मिली थी।