शादी के मंडप में महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, दूल्हे को बताया अपना पति, कहा- नहीं करने दूंगी ब्याह
चलो उठो.... तुम यहां कैसे आ गए.... तुम मेरे पति हो। मैं तुम्हें यह शादी नहीं करने दूंगी। मेरे हाथ में यह जो बच्चा है, यह तुम्हारा है। मेरे होते हुए तुम दूसरी शादी कैसे कर सकते हो। इस बच्चे के भविष्य का क्या होगा। ये सवाल उज्जैन के हामूखेड़ी में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में चल रही विवाह की रस्म को रुकवाकर एक महिला ने उठाए। उसने दूल्हे पर यह आरोप लगाए, जिससे सामूहिक विवाह समारोह में हंगामा मच गया। महिला इसके बावजूद भी नहीं रुकी और उसने पुलिस को फोन लगा दिया। इसके बाद पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। लेकिन जब यहां बात लगातार बिगड़ती गई तो महिला और दूल्हे को लेकर पुलिस नागझिरी थाने आ गई।जानकारी के मुताबिक, नागझिरी थाना क्षेत्र में स्थित हामूखेड़ी में चल रहे सर्व समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में मुकेश रांगोटा नामक शख्स भी शादी करने पहुंचा था। इस दौरान दूल्हा बने बैठे शख्स की पहली पत्नी सीमा परिहार पहुंच गई। सीमा परिहार ने बताया कि साल 2013 में मेरा विवाह मुकेश पिता मांगीलाल रांगोटा निवासी हामूखेड़ी से हुआ था। हमारा एक तीन साल का बेटा भी है। फिर भी मुझे बिना बताए मेरे पति मुकेश पलवा निवासी अन्य युवती से चोरी-छिपे इस सम्मेलन में दूसरा विवाह कर रहे हैं। शादी की जानकारी मुझे लगी जिसको लेकर सीमा ने डायल 100 पर फोन लगाकर पुलिस को भी मौके पर बुला लिया।इस हंगामे की जानकारी लगते ही नागझिरी पुलिस विवाह सम्मेलन पहुंची। फिर पुलिस ने सीमा परिहार और दूल्हे से पूछताछ की। उसमें पता चला कि सीमा परिहार सच को छिपाकर हंगामा कर रही थी, जबकि मुकेश और उसके बीच तलाक भी हो चुका है। तलाक के बाद अगर मुकेश दूसरी शादी करता है तो इसमें सीमा को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लेकिन फिर भी उसने सामूहिक विवाह सम्मेलन में पहुंचकर बखेड़ा खड़ा कर दिया। बताया गया कि इस घटना के बाद मुकेश फिर सामूहिक विवाह सम्मेलन में पहुंचा और उसने शादी कर ली।