Home > अपना शहर ,
प्रेमी जोड़े ने ऐसे की शादी, अब पुलिस कर रही तलाश

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक प्रेमी युगल राजवाड़ा के गेट पर फेरे लेता हुआ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो कई बड़े सोशल मीडिया सेलिब्रिटी और सोशल मीडिया कंपनियों ने शेयर किया है। वीडियो वायरल होने के बाद इन प्रेमी युगल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है और पुलिस अब इनकी तलाश कर रही है।


क्या है वीडियो में
वीडियो में दिख रहा है कि एक प्रेमी जोड़ा स्कूटर पर राजवाड़ा आता है। दोनों गाड़ी से उतरते हैं और फेरे का सामान गाड़ी में से निकालते हैं। इसके बाद दोनों एक दूसरे को फूलमाला पहनाते हैं और फिर आग जलाकर फेरे लेने लगते हैं। चूंकि राजबाड़ा पर हमेशा ही बहुत भीड़ रहती है इसलिए इन दोनों को देखकर बहुत सारे लोग इनके पास आकर खड़े हो जाते हैं। दोनों को फेरे लेता हुआ देखकर सभी अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगते हैं। प्रेमी जोड़ा भी सभी को पोज देते हुए वीडियो बनवाते रहता है। कुछ देर के बाद दोनों अपनी गाड़ी लेकर चले जाते हैं।


पुलिस क्या कर रही थी
सोचने वाली बात यह है कि शहर के सबसे प्रमुख केंद्र राजबाड़ा पर जब यह सब हो रहा था तो पुलिस क्या कर रही थी। यहां पर हमेशा ही चारों तरफ पुलिसकर्मी मौजूद रहते हैं और किसी भी प्रकार की गतिविधी पर नजर रखते हैं। जब यह प्रेमी जोड़ा शादी कर रहा था तब वहां पर कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।

तलाश कर रहे हैं, पकड़ते ही करेंगे कार्रवाई
सराफा थाना टीआई अभय नेमा ने बताया कि थाने में उस वीडियो के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। मैंने भी वह वीडियो देखा है। हम राजवाड़ा पर शादी करने वाले प्रेमी जोड़े की तलाश कर रहे हैं। जैसे ही हमें उनकी जानकारी मिलेगी हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। प्रारंभिक रूप से यह पता चलता है कि सिर्फ सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए यह सब किया गया है। यदि यह सही निकला तो उन पर सख्त कार्रवाई होगी।

हम इस तरह का कंटेंट शेयर ही नहीं करते
सोशल मीडिया एक्सपर्ट प्रबल जैन ने बताया कि यह वीडियो बहुत से प्लेटफार्म पर शेयर किया गया है। हम अपने ब्रांड इंदौरी आर्टिस्ट में इस तरह की कोई वायरल वीडियो शेयर नहीं करते। जब तक किसी वीडियो की पूरी जानकारी न हो और वह सही नहीं लग रहा हो तब तक हमें उसे शेयर नहीं करना चाहिए। सोशल मीडिया पर भी शेयरिंग में बहुत सावधानी रखना चाहिए।

Share This News :