अब ग्वालियर व्यापार मेले में लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन नहीं माना जाएगा अपराध
ग्वालियर .केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दखल के बाद अब ग्वालियर व्यापार मेले में लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन अपराध नहीं माना जाएगा। शर्तों का उल्लंघन करने पर केवल जुर्माना लगेगा।राज्य सरकार ने 21 साल पहले बने ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण अधिनियम 1996 में संशोधन कर दिया है। पिछले विधानसभा सत्र में इसका विधेयक पारित किया गया था, जिसे राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है। जिससे यह एक संशोधित कानून के रुप में लागू हो गया है।मेला क्षेत्र के भीतर कोई अप्राधिकृत निर्माण, मेला क्षेत्र के भीतर अप्राधिकृत रूप से किसी स्थान को शौचालय, मूत्रालय या कूड़ा जमा करने के रूप में उपयोग करना, मेला प्राधिकरण से लाइसेंस प्राप्त किए बिना मेला क्षेत्र के भीतर कोई वृत्ति, व्यापार या आजीविका करना या लाइसेंस की शर्तों को भंग करना अपराध नहीं माना जाएगा।अगर कोई व्यक्ति यह कृत्य करता भी है तो इसके लिए केवल जुर्माना लगाया जाएगा। बता दें कि ग्वालियर व्यापार मेला मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित किया जाने वाला उत्तर भारत में एक बड़ा व्यापार मेला है। इसकी शुरुआत 1905 में ग्वालियर के तत्कालीन राजा, महाराज माधवराव सिंधिया ने की थी। वर्तमान में यह एशिया का सबसे बड़ा व्यापार मेला माना जाता है।ग्वालियर व्यापार मेला में लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन करने का दोष सिद्ध होने पर प्रकरण न्यायालय तक जाता था, इसलिए संशोधित कानून में अपराध शब्द हटा दिया गया है। अब केवल जुर्माने का प्रविधान रहेगा, जिसकी राशि पूर्ववत रखी गई है। यह जुर्माना प्राधिकरण सीधे लगा सकेगा। जुर्माना अधिकतम पांच हजार रुपये तक का होगा। वहीं दोषसिद्ध होने की तारीख से अपराध निरंतर करने पर प्रत्येक दिन के लिए सौ रुपये जुर्माना किया जाएगा।