महिला की हत्या:झाड़ियों में मिला शव
ग्वालियर में एक महिला का निर्वस्त्र शव मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना माधौगंज थाना क्षेत्र के आंग्रे साहब का बाड़ा स्थित नाले के पास की है। झाड़ियों में शव पड़ा था और कुत्ते उसे चीथ रहे थे। स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच पड़ताल की है। फोरेंसिक एक्सपर्ट साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव को भी मौके पर बुला लिया गया। जिस तरह शव मिला है महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
घटना स्थल के पास से एक लेडीज पर्स में मिला है जिसमें माया निवासी तारागंज नाम का आधार कार्ड मिला है। पुलिस मान रही है कि यह शव माया का ही है, लेकिन अभी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। पुलिस ने शव को डेड हाउस में रखवा दिया है फिलहाल पड़ताल की जा रही है।
ग्वालियर के माधौगंज आंग्रे साहब का बाड़ा के पास धानमिल के पीछे नाले में रविवार सुबह एक महिला का शव निर्वस्त्र पड़ा हुआ था। जब स्थानीय लोग यहां से निकले तो शव पर नजर पड़ी। महिला का मुंह और सिर पत्थर से कुचला गया था। शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था, लेकिन कुछ गहने वह पहने हुए थी। जब लोगों ने देखा तो महिला के शव को कुत्ते चीथ रहे थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक पड़ताल में ही साफ हो गया था कि महिला की हत्या की गई है। तत्काल फोरेंसिक एक्सर्प्ट अखिलेश भार्गव को मौके पर बुला लिया गया।
माया नाम का आधार कार्ड मिला, पहचान होना बांकी
पुलिस को घटना स्थल के आस-पास मृतका के कपड़े मिले है। साथ ही एक लेडीज हैंड पर्स मिला है। इसमें दो आधार कार्ड मिले हैं। एक पुरुष का है जबकि दूसरा माया निवासी तारागंज जनकगंज के नाम का है। साथ ही मुरार की एक महिला के नाम का वोटर कार्ड भी मिला है। जिसमें माया की उम्र 35 साल बताई गई है। यह माया जनकगंज एरिया में फुटकर व्यापार करती है। अब नाले की झाड़ियों में मिला शव इसी महिला का है या नहीं पुलिस पहचान कराने आधार कार्ड वाली महिला को तलाश रही है, जो शव पुलिस को मिला है उसकी मृतक की उम्र भी 35 से 40 साल के लगभग लग रही है। महिला की कद काठी भी सामान्य है।
कुत्तों ने नोंचा शव
मृतका का शव कई घंटों से वहां पर पड़ा होने के कारण आवारा कुत्तों ने उसे नोंच लिया है। जिससे उसका चेहरा खराब हो गया है। हमलावर ने भी पत्थर से कुचलकर हत्या की है। ऐसे में उसकी पहचान में काफी परेशानी आ रही है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है।
दुष्कर्म की घटना से भी नहीं इनकार
पुलिस अफसरों का कहना है कि जिस स्थिति में महिला का शव पड़ा मिला है, उससे दुष्कर्म की घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। पहली प्राथमिकता मृतका की शिनाख्ती है, जिससे केस को सॉल्व करने में लीड़ मिल सके। फिलहाल दो टीमों को इधर आने जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों को चेक करने लगाया गया है, जिससे मृतका की पहचान हो सके और हमलावर का भी पता लगाया जा सके।
जांच कर रहे हैं
इस मामले में माधौगंज थाना प्रभारी महेश शर्मा का कहना है कि एक महिला की लाश मिली है। पत्थर से कुचलकर महिला की हत्या की गई है और मृतका का शव निर्वस्त्र मिला है। अभी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। कुछ दस्तावेज मिले हैं उस आधार पर पहचान की जा रही है।