बरात में नाचने के दौरान विवाद, चाकू मारकर हत्या, दो गिरफ्तार
इंदौर। बरात में नाचने के दौरान विवाद के बाद मंगलवार रात दो दूल्हे के भाइयों ने एक युवक की हत्या कर दी। तेजाजी नगर टीआइ आरडी कानवा के मुताबिक घटना रात करीब 11.30 बजे की है। ग्लैमर हाईवे सिटी पिगडंबर राऊ निवासी दीपक कछावा की शादी थी। रात को मरीमाता (मोरोद) से उसकी बरात निकल रही थी। दोस्त सन्नी अहिरवार भाई धर्मेंद्र के साथ बरात में शामिल था। नाचने के दौरान दीपक के काका से धर्मेंद्र का हाथ टकरा गया। दोनों पक्षों में कहासुनी हुई।दूल्हे का भाई पप्पू और सुभाष अड़ गए कि काका को टल्ला कैसे मारा। उनसे पैर पकड़कर माफी मांगनी पड़ेगी। सन्नी ने दोनों को समझाया और मंडप में चला गया। आरोपित थोड़ी देर बाद चाकू लेकर आए और सन्नी पर हमला कर दिया। धर्मेंद्र व उसका दोस्त हर्ष पाटीदार सन्नी को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले गए, लेकिन जांघ की नस कटने से खून अधिक बह गया और देर रात उसकी मौत हो गई। वह पेशे से चालक था। टीआइ के मुताबिक पुलिस ने आरोपित पप्पू कछावा और उसके भाई सुभाष कछावा को गिरफ्तार किया।