Home > अपना शहर ,
मौसी से मिलने आ रहे छात्र की मौत

दतिया से ग्वालियर अपनी मौसी से मिलने आ रहे 15 वर्षीय छात्र को रास्ते में ही मौत ने आ घेरा। जिस ई-रिक्शा में वह सवार था उसमें एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छात्र उछलकर सिर के बल कार के बोनट से जा टकराया। आरोपी वाहन चालक अपनी कार लेकर भाग गया।

घायल छात्र ने वहीं तड़पते हुए दम तोड़ दिया। कार किसी भाजपा नेता की थी, क्योंकि घटना स्थल पर एक रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट टूटी मिली है जिस पर कमल का फूल छपा है। घटना रविवार-सोमवार दरमियानी रात लक्ष्मणपुरा प्रहलाद होटल के सामने हुई है। हादसे में ई-रिक्शा चालक भी घायल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को हॉस्पिटल पहुंचाने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।

दतिया निवासी 15 वर्षीय शिवम पुत्र शत्रुघन परिहार 9वीं कक्षा का छात्र है। रविवार रात वह अपनी मौसी के घर आ रहा था। ग्वालियर स्टेशन पर देर रात ट्रेन से उतरने के बाद वह ई-रिक्शा में सवार हुआ और मौसी के घर के लिए रवाना हुआ। अभी वह लक्ष्मणपुरा स्थित होटल प्रहलाद के सामने पहुंचा ही था कि तभी तेज रफ्तार आ रही कार के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे बैठा छात्र हवा में उछला और कार से जा टकराया। हादसे के बाद आरोपी चालक अपने वाहन को भगा ले गया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मृतक छात्र का शव पीएम हाउस भेजकर घायल चालक को उपचार के लिए पहुंचाकर अज्ञात कार चालक पर मामला दर्ज कर लिया है।
नंबर प्लेट पर छपा है कमल का फूल
जांच के दौरान पुलिस को घटना स्थल पर एक कार की टूटी हुई नंबर प्लेट मिली है, जिस पर कमल का फूल बना हुआ है और उसका नंबर एमपी 07 6190 है। बीच की सीरीज का सी तो समझ में आ रहा है, लेकिन उसके बाद डी है या बी यह समझ नहीं आ रहा है। अब पुलिस वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों से कार का पता लगाएगी।
ई रिक्शा चालकों ने किया हंगामे का प्रयास
घटना का पता चलते ही ई रिक्शा चालक एकत्रित हो गए और हंगामा करने का प्रयास किया। वह हंगामा करते इससे पहले ही पुलिस एक्शन में आ गई और हंगामा करने आए ई रिक्शा चालक पुलिस के तेवर देखकर खिसक गए।
दो कारों में चल रहा था कंपटीशन
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक्सीडेंट सफेद कलर की कार ने किया था, लेकिन उसके साथ ही एक नीले रंग की कार भी थी, जिनमें आगे निकलने की होड़ लगी हुई थी। एक्सीडेंट करने के बाद दोनों कारें रूकी नहीं और गांधी नगर की ओर चली गई। दोनों की स्पीड़ काफी तेज थी।
पुलिस का कहना
इस मामले में टीआई पड़ाव प्रशांत यादव ने कहा कि कार की टक्कर से एक छात्र की मौत हुई है। मर्ग कायम कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

Share This News :