चीफ जस्टिस बोले- 1 घंटे में खान को यहां पेश करें, अदालत से कैसे उठा ले गए
अल कादिर ट्रस्ट घोटाले में पूर्व पाकिस्तानी PM इमरान खान की गिरफ्तारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है। इमरान की पार्टी PTI की अर्जी पर सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने कहा- खान को एक घंटे में हमारे सामने पेश करें। आप किसी को अदालत से कैसे उठा सकते हैं। ये तो अदालत की तौहीन है। बाकी मामला बाद में सुनेंगे।
सरकार की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने कहा- सुप्रीम कोर्ट एक दहशतगर्द को शह दे रहा है। 9 तारीख को इमरान की गिरफ्तारी के बाद एक साजिश के तहत हिंसा फैलाई गई। फौज पर हमले किए गए। इस्लामाबाद हाईकोर्ट और खुद नेशनल अकाउंटेबिलिटी की अदालत कह चुकी है कि गिरफ्तारी कानूनी तरीके से की गई। ऐसे में सिर्फ 48 घंटे में सुप्रीम कोर्ट के पेट में दर्द उठना हकीकत में हमारी समझ से बाहर है।
इमरान की पार्टी के कई नेता गिरफ्तार
वहीं पाकिस्तान में बढ़ती हिंसा के बीच सिंध प्रांत को छोड़कर पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आर्मी तैनात कर दी गई है। हिंसा भड़काने के आरोप में PTI लीडर फवाद चौधरी को देर रात और शाह महमूद कुरैशी को गुरुवार सुबह अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस ने अब तक इमरान की पार्टी के करीब 1900 नेता-कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
9 मई को इमरान की गिरफ्तारी के बाद से जारी हिंसक प्रदर्शन में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 290 लोग जख्मी हो गए हैं। बुधवार को इमरान खान को 8 दिन के लिए नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) की रिमांड पर भेज दिया गया। हिंसा पर फौज ने पहला ऑफिशियल रिएक्शन दिया। कहा, '9 मई का दिन पाकिस्तान के इतिहास में काले अध्याय के तौर पर देखा जाएगा।'