Home > अपना शहर ,
महल को चुनौती देने दाऊ साहब के बेटे मैदान में

कांग्रेस किसी भी सूरत में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को उन्हीं के गढ़ में आइना दिखाने की रणनीति बना रही है। ग्वालियर-चंबल संभाग में उन लोगों को प्रभारी बनाकर भेजा जा रहा है। जिनका पारिवारिक रूप से सिंधिया परिवार से राजनीति में छत्तीस का आंकड़ा है।इसी रणनीति के तहत ग्वालियर व दतिया जिले का प्रभारी पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के पुत्र व पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह (राहुल) को बनाया गया है। प्रभारी बनने के बाद अजय सिंह स्थानीय लोगों से संवाद करने के लिए दो दिन के प्रवास पर बुधवार को ग्वालियर आ रहे हैं। अजय सिंह महल से पीड़ित कांग्रेसियों को विधानसभा चुनाव में मोर्चा संभालने के लिए प्रेरित करेंगे और पार्टी का जनाधार टटोलेंगे।प्रदेश की राजनीति में महल के वर्चस्व को कांग्रेस में चुनौती दो परिवारों से मिलती थी। पहली अर्जुन सिंह और दूसरी उनके राजनीतिक शिष्य दिग्विजय सिंह परिवार से मिलती थी। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह व दिग्विजय सिंह कभी नहीं चाहते थे कि सिंधिया घराना प्रदेश में राजनीतिक ताकत बनकर उभरे। इन्हीं राजनीतिक षड्यंत्रों से परेशान होकर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस को अलविदा कहकर अपनी दादी राजमाता विजयाराजे सिंधिया की राजनीतिक विरासत को संभालने के लिए भाजपा का दामन थाम लिया।सिंधिया के गढ़ में पहले से दिग्विजय सिंह पूरी टीम के साथ सक्रिय है। अब पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने अजय सिंह को ग्वालियर-दतिया का प्रभारी बनाकर भेजा है। कमल नाथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दो से तीन जिलों का दायित्व सौंपकर विधानसभा चुनाव के लिए सक्रिय किया है।

Share This News :