थाने पहुंची महिला बोली- मैंने जहर खा लिया:वकील पर लगाया शोषण का आरोप
एक महिला मंगलवार रात 10 बजे इंदरगंज थाने में थाना प्रभारी के कक्ष में पहुंची और वहां मौजूद स्टाफ से बोली- पुलिस ने मेरी एफआईआर दर्ज नहीं की तो मैंने जहर खा लिया है। इस पर स्टाफ सकते में आ गया। पुलिस ने तत्काल महिला को जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पर सीएसपी विजय भदौरिया ने थाना प्रभारी अनिल भदौरिया को महिला उपनिरीक्षक के साथ अस्पताल भेजा।
अस्पताल में डॉक्टर ने महिला का परीक्षण किया तो फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई। महिला पुलिस अधिकारी ने आधी रात में महिला के बयान दर्ज किए। बताया गया है कि महिला विगत दिवस भी वकील एवं अभिभाषक संघ में सेक्रेटरी के पद पर चुनाव लड़ने वाले नीरज भार्गव के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंची थी, लेकिन तभी वकील थाने पहुंच गया तो महिला उसके साथ वापस चली गई।
थाना प्रभारी अनिल भदौरिया ने बताया कि महिला ने लिख कर भी दिया था कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहती। महिला ने खुद को एडवोकेट बताते हुए आरोपी वकील द्वारा दुष्कर्म एवं साथी वकीलों के साथ मारपीट करने की संबंध में सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किए हैं। अस्पताल में बयान देते हुए महिला ने पुलिस अधिकारी को बताया कि नीरज भार्गव उसके साथ 2 साल से शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण कर रहा है, वह अपने साथियों के सामने उसे पत्नी बताता है लेकिन उससे शादी नहीं कर रहा।
बताया गया है कि महिला अपने पति से अलग रहती है और उसका जमीन संबंधी प्रकरण भी कोर्ट में विचाराधीन है। रात 1 बजे थाना प्रभारी अनिल भदौरिया ने बताया कि महिला ने वकील नीरज भार्गव के खिलाफ दुष्कर्म व शारीरिक शोषण करने एवं उसके साथी वकीलों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए बयान दिए हैं। इस आधार पर एफआईआर की कार्रवाई की जा रही है।