जवान के गले पर फटा आंसू गैस ग्रेनेड:घायल जवान को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
ग्वालियर में चुनाव से पहले ही पुलिस ने अपनी तैयारियों को शुरू कर दिया है। शुक्रवार की सुबह पुलिस बलवा होने की स्थिति में उसे कैसे काबू करती है, इसकी तैयारियों के लिए बलवा ड्रिल का आयोजन पुलिस लाइन में किया गया, जिसमें एक जवान आंसू गैस का ग्रेनेड फटने से घायल हो गया। घायल जवान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इस दौरान एएसपी ऋिषीकेश मीणा, गजेन्द्र सिंह वर्धन, जयराज कुबेर सहित सभी अफसर और थाना प्रभारी मौजूद थे।
कंधे पर गिरा ग्रेनेड
बलवा ड्रिल के दौरान दो पार्टी तैयार की गई थीं। जिसमें एक पार्टी बलवा करने वाली बनी और दूसरी पार्टी पुलिस टीम की थी, इस दौरान बलवाईयों को काबू करने के लिए पुलिस पार्टी ने आंश्रू गैस ग्रेनेड का इस्तेमाल किया तो ग्रेनेड ट्रैफिक जवान जन्मेजय के कंधे पर आकर फटा, जिससे उनके गर्दन के नीचे का हिस्सा घायल हो गया और खून निकलने लगा। तुरंत ही जवान को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
तैयारियों पर कप्तान संतुष्ट
पुलिस जवानों द्वारा बलवा परेड में किए गए प्रदर्शन से एसएसपी राजेश सिंह चंदेल संतुष्ट नजर आए और सभी थाना प्रभारियों को लगातार इसकी तैयारियां कराने के लिए निर्देशित किया। जिससे आवश्यकता होने पर जवान एक्शन मोड में नजर आए।
जीवन रक्षक है किट
इस दौरान पुलिस अफसर और जवानों को संबोधित करते हुए एसएसपी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि बलवा से निपटने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली किट फोटो खिंचवाने के लिए नहीं होती, बल्कि जीवन रक्षक है। कई बार ऐसी स्थिति बनती है कि यह किट ही आपकी जान को बचाती है। अगर किट से सुसजित हैं तो आपको बलवाइयों से बचने के लिए किसी पेड़, वाहन या दीवार की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि किट का सही इस्तेमाल आपको हर परेशानी से बचा सकता है।