Home > अपना शहर ,
कौनसा रत्न करेगा आपको फायदा, राशि अनुसार जानें पहनने की विधि और लाभ

ज्योतिष शास्त्र में रत्नों का बड़ा महत्व होता है। रत्न बेहद चमत्कारिक और लाभकारी होते हैं। नौ ग्रहों के लिए नौ अलग-अलग रत्न हैं और इन्हें राशियों के अनुसार धारण किया जाता है। हालांकि रत्न धारण करने से पहले किसी विद्वान ज्योतिषी से सलाह अवश्य ही लेनी चाहिए। क्योंकि यदि रत्न बिना किसी ज्योतिषीय विचार के धारण किया जाए और वो आपके लिए प्रतिकूल हो तो इसके नकारात्मक परिणाम भी प्राप्त होते हैं। आइए जानते हैं किस राशि के लिए कौनसा रत्न लाभकारी होता है और उसे कब धारण करना शुभ होता है।

माणिक्य रत्न
माणिक्य रत्न सूर्य ग्रह के लिए धारण किया जाता है। सिंह राशि के जातकों के लिए यह शुभकारी होता है। अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में सूर्य की महादशा चल रही होती है उसे रविवार के दिन रिंग फिंगर में माणिक्य रत्न को धारण करना चाहिए। रत्न पहनने के लिए सूर्योदय का समय सबसे सही समय रहता है।

मोती रत्न
मोती रत्न चंद्र ग्रह की शांति के लिए धारण किया जाता है। यह कर्क राशि के जातकों के लिए लाभकारी होता है। वहीं अगर कुंडली में चंद्रमा की महादशा चल रही हो तो ऐसे व्यक्तियों को मोती धारण करने की सलाह दी जाती है। मोती धारण करने का सबसे शुभ समय सोमवार का दिन होता है। सोमवार की शाम अनामिका या कनष्ठिका उंगली में मोती पहन सकते हैं।

मूंगा रत्न
मूंगा रत्न मंगल ग्रह को मजबूत करने के लिए धारण किया जाता है। इसे मेष और वृश्चिक राशि के जातक धारण कर सकते हैं। कुंडली में मंगल की महादशा चलने पर व्यक्ति को मूंगा पहनना चाहिए। मूंगा पहनने के लिए मंगलवार का दिन शुभ माना गया है। मंगल के दिन शाम 5 के बाद इसे रिंग फिंगर में पहनना उत्तम है।

पन्ना रत्न
पन्ना रत्न बुध ग्रह की मजबूती के लिए धारण किया जाता है। मिथुन और कन्या राशि राशि के जातकों के लिए यह लाभकारी होता है। कुंडली में बुध की महादशा होने पर व्यक्ति को पन्ना पहनने की सलाह देते हैं। बुधवार का दिन पन्ना धारण करने का विशेष महत्व है। दोपहर के वक्त आप अपनी कनिष्ठिका में पन्ना पहन सकते हैं।

पुखराज रत्न
कुंडली में गुरु ग्रह को मजबूत करने के लिए पुखराज धारण किया जाता है। धनु और मीन राशि के जातकों के लिए यह रत्न उत्तम होता है। बृहस्पति की महादशा चलने पर पुखराज पहना जाता है। गुरुवार के दिन सुबह 10-12 बजे के बीच तर्जनी अंगुली में पुखराज पहनना चाहिए।

हीरा रत्न
हीरा रत्न बेहद ही कीमती रत्न है। यह शुक्र ग्रह की शांति के लिए धारण किया जाता है। वृष और तुला राशि के जातकों के लिए हीरा पहनना बहुत ही शुभ होता है। शुक्र की महादशा चलने पर हीरा पहनना चाहिए। इसे मध्यमा या मिडल फिंगर में धारण करें।

नीलम रत्न
नीलम रत्न शनि महाराज के लिए धारण किया जाता है। मकर और कुंभ राशि के जातकों के लिए यह लाभकारी होता है। जिस व्यक्ति की कुंडली में शनि की महादशा चल रही होती है उन्हें नीलम पहनने की सलाह दी जाती है। शाम के समय में मध्यमा अंगुली में इसे धारण करना चाहिए। शनिवार का दिन उत्तम रहता है।

गोमेद रत्न
गोमेद रत्न राहु को मजबूत करने के लिए पहना जाता है। जिन जातकों की कुंडली में राहु की महादशा का असर होता है उनके के लिए शनिवार के दिन अपनी मध्यमा अंगुली में गोमेद धारण करना उत्तम माना जाता है।

लहसुनिया रत्न
यह रत्न केतु के शुभ परिणामों को पाने के पहना जाता है। लहसुनिया रत्न को केतु की दशा के वक्त पहनने का सुझाव दिया जाता है। इस रत्न को आजीवन धारण नहीं किया जाता है। बस जब केतु कुंडली में गलत स्थान पर स्थित होता है, केवल तब ही इस रत्न को पहनते हैं।

Share This News :