Home > अपना शहर ,
ससुराल में फांसी पर लटका मिला दामाद

ग्वालियर में पत्नी की विदा कराने आए दामाद का शव ससुराल में पेड पर लगाए गए फांसी के फंदे पर लटका मिला है। घटना भंवरपुरा के रेहटी गांव में मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात की है। बुधवार सुबह 7 बजे जब गांव के लोगों ने दामाद का शव देखा तो हड़कंप मच गया, क्योंकि घटना की परिस्थितियां बेहद संदिग्ध थीं। मृतक के दोनों हाथ बेल्ट से पीछे की तरफ बंधे हुए थे। उसकी कलाई से खून टपक रहा था।

मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।भंवरपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक पड़ताल में मामला गड़बड़ लगने पर पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक एक्सपर्ट के लिए कॉल करवाया, जिस पर सीनियर साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव स्पॉट पर पहंुंचे हैं। पुलिस ने पड़ताल करने के बाद शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेज दिया है। पुलिस को इतना पता लगा है कि रात को मृतक ने पत्नी की मारपीट की थी और भाग गया था। सुबह उसका शव इस अवस्था में मिली।

ग्वालियर के डबरा पीली कोठी निवासी 38 वर्षीय अजय सिंह पुत्र कप्तान सिंह की ससुराल भंवरपुरा थाना क्षेत्र के रेहटी गांव में है। मंगलवार दोपहर वह अपनी पत्नी को लेने के लिए आया था और बुधवार सुबह उसकी लाश ससुराल के पास एक पेड़ से लटकी मिली। लाश मिलने का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि मृतक के हाथ पीछे बेल्ट से बंधे थे और उसकी कलाई से खून निकल रहा था। हालात संदिग्ध दिखाई देने पर अफसरों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और मौके पर एफएसएल एक्सपर्ट को भी बुलवा लिया। पुलिस ने जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया है।
रास्ते में की थी पत्नी की मारपीट
पुलिस को जांच में पता चला कि मंगलवार रात को अजय पत्नी को लेकर ससुराल से अपने घर के लिए रवाना हुआ था, रास्ते में किसी बात पर उनके बीच विवाद हुआ तो वह पत्नी की मारपीट कर भाग गया था। इसके बाद पत्नी वापस लौट आई थी। यह भी पता चला है कि कुछ समय पूर्व पति और पत्नी के बीच विवाद हुआ था और अजय ने पत्नी को छोड़ दिया था। कुछ दिन पहले ही उनके बीच राजीनामा हुआ था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस का मानना है कि उसने फांसी लगाकर सुसाइड किया है, लेकिन हाथ पीछे बेल्ट से बंधे होने के कारण पुलिस उसके साथ हुई घटना से इनकार नहीं कर रही है और पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असल वजह का पता चलेगी।
पुलिस का कहना
इस मामले में भंवरपुरा थाना प्रभारी बलवीर मावई ने बताया कि ससुराल आए एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिला है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Share This News :