Homeराज्यो से ,खास खबरे,slider news,
सपा में सुलह : अखिलेश का निष्कासन रद्द, फिर से आएगी कैंडिडेट्स लिस्ट

उत्तर प्रदेश (यूपी) के सीएम अखिलेश यादव और सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के बीच हुई बैठक के बाद समाजवादी पार्टी में सुलह की कोशिशें तेज हो गई हैं। इस अहम बैठक शिवपाल सिंह यादव और आजम खान भी मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल ने ट्वीट कर जानकारी दी कि सपा से अखिलेश और रामगोपाल यादव का निष्कासन रद्द हो गया है।

शिवपाल ने ऐलान किया कि नेताजी और अखिलेश मिलकर अब उम्मीदवारों की सूची फिर से जारी करेंगे। इसके अलावा शिवपाल ने कहा कि अब रामगोपाल यादव सपा की राष्ट्रीय प्रतिनिधि सभा की बैठक नहीं बुलाएंगे। यह बैठक 1 जनवरी को प्रस्तावित थी।

इससे पहले सुबह यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने अपने आवास पर विधायकों की बैठक की। बताया जा रहा है कि सपा के 229 विधायकों में 200 से अधिक ने अखिलेश यादव का समर्थन किया। इसके बाद सीएम अखिलेश कैबिनेट मिनिस्टर आजम खान के साथ अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के आवास पर पहुंचे। दूसरी ओर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव द्वारा बुलाए बैठक में बेहद कम विधायकों की पहुंचने की खबर आई। आपको बता दें कि मुलायम ने भी पार्टी द्वारा घोषित 393 उम्मीदवारों की बैठक आज बुलाई थी।

Share This News :