Home > अपना शहर ,
शहर में सिंधिया, ग्रामीण में तोमर को साधा

सोमवार को ग्वालियर की दो विधानसभा में भाजपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। शहर में ग्वालियर विधानसभा सीट पर कट्‌टर सिंधिया समर्थक व वर्तमान विधायक और मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को टिकट दिया गया है। ग्वालियर ग्रामीण में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के खेमे से भारत सिंह कुशवाह को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है। ग्वालियर की 6 विधानसभा सीट में से अभी तक चार विधानसभा में भाजपा ने अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं।

जिनमें से तीन पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों ने कब्जा किया था। इससे पहले जिले की डबरा और भितरवार पर भी भाजपा अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। डबरा से इमरती देवी और भितरवार से मोहन सिंह राठौर दोनों ही कट्‌टर सिंधिया समर्थक हैं। सोमवार को भाजपा ने अपनी तीसरी सूची जारी की है जिसमें 57 विधानसभा सीट पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।

जानिए प्रद्युम्न सिंह के बारे में
ग्वालियर विधानसभा यह शहर की मुख्य विधानसभा है। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी यहीं से कभी विधायक हुआ करते थे। पूर्व मंत्री जयभान सिंह भी यहीं से जीतकर सरकार में मंत्री बने। अब सिंधिया समर्थक प्रद्युम्न सिंह यहां से विधायक हैं और मंत्री हैं। प्रद्युम्न सिंह तोमर की उम्र 53 साल है वह बीए के पास हैं। उनका पेशा किसान है।
जानिए क्या है राजनैतिक करियर
प्रद्युम्न सिंह तोमर कॉलेज से पढ़ाई करने के दौरान कांग्रेस से जुड़े। साल 2008 में विधानसभा का पहला चुनाव कांग्रेस की ओर से लड़ा और जीतकर विधायक बने। इसके बाद साल 2013 में फिर कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ा, लेकिन भाजपा के जयभान सिंह पवैया से हार गए। साल 2018 में ग्वालियर विधानसभा से चुनाव लड़ा और इस बार भाजपा के जयभान सिंह पवैया को हराया। कांग्रेस सरकार में मंत्री बने। पर साल 2020 में सियासी उठा पटक के चलते वह सिंधिया के साथ कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए। उपचुनाव 2020 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और कांग्रेस के सुनील शर्मा को हराकर वर्तमान में उर्जा मंत्री है।

जानिए भारत सिंह कुशवाह के बारे में
विधानसभा 14 ग्वालियर ग्रामीण यह जिले की सबसे चर्चित विधानसभा है। यहां हर बार त्रिकोणीय मुकाबला होता है। ग्वालियर के आसपास पूरे गांव इस क्षेत्र में आते हैं। भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह (राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार) की उम्र 52 साल है। वह 12वीं पास हैं और उनका आजीविका व व्यवसाय कृषि है।
जानिए क्या है राजनीतिक करियर
ग्वालियर में जन्मे भारत सिंह कुशवाह 12वीं पास हैं, लेकिन इसके बाद वह लगातार भाजपा से जुड़े हुए हैं। वह केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के करीबियों में शुमार हैं। दो बार से विधायक हैं। साल 2018 में ग्वालियर ग्रामीण से भारत सिंह ने बसपा के साहब सिंह को 1500 वोट से मात दी थी। साल 2018 के चुनाव में भारत सिंह ही ऐसे भाजपा नेता थे जिन्होंने ग्वालियर में भाजपा की लाज बचाई थी। ग्वालियर की छह सीट में से पांच डबरा, भितरवार, ग्वालियर, ग्वालियर दक्षिण व ग्वालियर पूर्व पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। यही कारण था कि भारत सिंह को राज्यमंत्री के पद से नवाजा गया। इसके अलावा वह भाजपा संगठन में भी कई पद पर रह चुके हैं।

Share This News :