सत्संग के दौरान हुई भगदड़ में अब तक 130 लोगों की मौत, मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ है। यहां के रतीभानपुर गांव में चल रहे भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ मच गई। इस हादसे में 130 लोगों की मौत हो चुकी है। कई की हालत गंभीर है। ऐसे में मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, 'हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक भक्तों की मौत का समाचार हृदय विदारक है।' मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं।
डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे
घटनास्थल एटा सिकंदराराऊ के बॉर्डर पर है। घायलों को बस-टैंपो में लादकर जिला अस्पताल लाया गया है। अब तक 27 शव एटा पोस्टमार्टम गृह पर लाए गए हैं। मृतकों में 23 महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएम आशीष कुमार और एसपी निपुण अग्रवाल मौके पर पहुंच गए हैं।