Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,slider news,
भाजपा सावरकर मंडल की सांसद कुशवाह की मौजूदगी में हुई बैठक

ग्वालियर । पार्टी कार्यकर्ताओं के मेहनत का परिणाम है कि, मई और जून की भीषण गर्मी की परवाह न करते हुए मतदाता घर से बाहर आए और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए मुझे वोट दिया जिसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार प्रकट करता हूं। ये जीत भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जीत है, दिन-रात पसीना बहाकर पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं की जीत है। भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के जनता के लिए काम करती है। इसीलिए जनता ने केंद्र में पुन: भाजपा की सरकार बनाई है और आगे भी वो जनता के लिए काम करेंगे ।उक्त बात सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने बुधवार को संस्कार गार्डन, चेतकपुरी में आयोजित भाजपा वीर सावरकर मंडल की कार्य समिति बैठक को संबोधित करते हुए कही।

 उन्होंने कहा कि बीते सालों में भाजपा की सरकारों ने जनता को सुशासन और कुशासन के बीच का फर्क समझाया है और कांग्रेस आज कठघरे में है। प्रदेश की जनता को यह समझ आ गया है कि इतने सालों तक शासन करके कांग्रेस ने सिर्फ समय खराब किया और प्रदेश के माथे पर बीमारू राज्य का कलंक लगा दिया। इस कलंक को अब भाजपा की सरकार अपने काम से धो रही है और सरकार के इन कामों को प्रदेश की जनता अपना आशीर्वाद दे रही है। 

उन्होंने कहा कि हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ इस क्षेत्र की जनता का पूरा ख्याल रखेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार मिलकर विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही आज देश में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि पहले विधानसभा चुनाव फिर लोकसभा चुनाव में जीत दिलाने के बाद कार्यकर्ताओं को एक बार फिर से आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट जाना है। जिस स्थान पर भाजपा का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा है वहां जनता को केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार की उपलब्धियां को बताना पार्टी के कार्यकर्ताओं का काम है। आगामी चुनाव में पार्टी कार्यकर्ता और बेहतर प्रदर्शन करना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि वार्ड से लेकर राज्य तक भाजपा की सरकार है उसका फायदा आप सभी को जरूर मिलेगा। अगर पार्टी के विचारधारा को आगे बढ़ाना है तो उसके लिए आप सभी का संवाद सही होना चाहिए और केंद्र एवं राज्य की जनहितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए आप सभी को अपने-अपने क्षेत्र में हमेशा स्थानीय लोगों के संपर्क में रहना चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, मंडल अध्यक्ष रमाकांत महते, जिला महामंत्री विनोद शर्मा, विनय जैन, राजू पलैया, श्री राकेश जादौन, कनवर मंगलानी, उपेंद्र वैश्य, पूर्व मंत्री ध्यानेंद्र सिंह, श्री अनिल शर्मा बिल्ला और राजू सेठ आदि मौजूद रहे।

Share This News :