जो भी समस्यायें उद्यमियों ने बताई हैं उनका समाधान होगा : कलेक्टर
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस कॅन्क्लेव के आयोजन की समीक्षा बैठक होटल तानसेन में कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक् में नगर निगम आयुक्त श्री हर्ष सिंह, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर एमपीआरडीसी श्री प्रातुल कुमार सिन्हा, सीआईआई के प्रतिनिध श्री आशीष बैस सहित शहर के 125 से अधिक उद्यमी उपस्थित रहे। जिसमें सभी उद्यमियों द्वारा अपने अपने सुझाव दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने सभी उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की बैठकों के सार्थक परिणाम भविष्य में देखने को मिलेगें। आज जो भी समस्यायें उद्यमियों ने बताई हैं उनका समाधान संबंधित अधिकारियों द्वारा समय सीमा मे कराने का प्रयास रहेगा। साथ ही समय समय पर बैठक आयोजित कर आपकी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। उन्होने अगली बैठक् में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उद्यमियों से आग्रह किया। युवा शक्ति की अधिक भागीदारी से व्यापार को बढावा देने में हमें नई सोच भी मिलेगी।
नगर निगम आयुक्त श्री हर्ष सिंह ने कहा कि ईज ऑफ डूईंग बिजनेस कॉन्क्लेव का आयोजन ग्वालियर की महत्वाकांक्षी विकास रणनीति को प्रस्तुत करेगा। विकसित भारत के दृष्टिकोण के माध्यम से देश अपने भविष्य के लिए तैयार हो रहा है। मध्य प्रदेश सतत विकास और समृद्धि की दिशा में देश के दृष्टिकोण के अनुरूप आगे बढ़ने की संकल्पना को आकार दे रहा है। इस कॉन्क्लेव से ग्वालियर भी नये आयाम छुएगा।
इस अवसर पर एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर एमपीआरडीसी श्री पी.के. सिन्हा ने बताया कि ईज ऑफ डूईंग बिजनेस कॉन्क्लेव का आयोजन 30 जुलाई 2024 को राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्व विद्यालय में आयोजन किया जाएगा। जिसमें ग्वालियर चम्बल रीजन के उद्यमी शामिल होगें।