Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
योगी के गढ़ में हुए उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार, पंडित हरिशंकर तिवारी की प्रतिमा के विवाद के बीच हुई थी वोटिंग

प्रदेश में दस विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों में युद्धस्तर पर जुटी भाजपा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ में ही बड़ा झटका लगा है। चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के गोला तहसील के जिला पंचायत वार्ड नंबर 43 में हुए उपचुनाव में सपा समर्थित प्रत्याशी ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी को करारी शिकस्त दी है। यह चुनाव पूर्व मंत्री पंडित हरिशंकर तिवारी की उनके गांव में लगाई जा रही प्रतिमा को लेकर उठे विवाद के बीच हुआ था। इस परिणाम से चिल्लूपार से भाजपा विधायक राजेश तिवारी की साख पर भी सवाल उठ रहा है।गोला ब्लाक के जिला पंचायत के वार्ड नंबर 43 में हुए उप चुनाव में सपा समर्थित प्रत्याशी संजय पासवान 1559 मत से विजयी हुए। दूसरे स्थान पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी धर्मवीर भारती रहे। गोला विकास खंड स्थित जिला पंचायत वार्ड नंबर 43 के सदस्य जय प्रकाश भारती के निधन के बाद यह पद खाली हो गया था। जिसके लिए बीते मंगलवार को उप चुनाव को लेकर वोटिंग हुई थी। चुनाव में चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।

8 अगस्त को विकास खंड गोला के सभागार में एसडीएम गोला राजू कुमार और बीडीओ दिवाकर सिंह की व्यवस्था में मतगणना हुई। एआरओ नीरज ने बताया कि मतगणना के लिए 10 काउंटर बनाए गए थे। 10 राउंड की मतगणना में सपा समर्थित प्रत्याशी संजय पासवान शुरू से ही बढ़त पर रहे। उनको कुल 5753 मत, भाजपा समर्थित प्रत्याशी धर्मवीर भारती 4194 मत, बसपा समर्थित प्रत्याशी अखीस कुमार को 3257, निर्दल सविता को 127 मत मिले। कुल मत 13686 पड़े थे, जिसमें 366 मत अवैध पाए गए।

Share This News :