मध्य प्रदेश में बदमाशों को पकड़ने पहुंची कोयंबटूर पुलिस पर हमला, वाहनों में तोड़फोड़, तीन घायल
राजगढ़। लूट-डकैती, चोरी की कई वारदातों में संदिग्ध बदमाशों को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पहुंची तमिलनाडु राज्य के कोयंबटूर जिले की पुलिस टीम पर शनिवार शाम को हमला कर दिया गया। हमलावरों ने पथराव कर पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ की, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना में 15 को नामजद करते हुए 20 हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, कोयंबटूर जिले में चोरी, लूट, डकैती के कई मामले में मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र स्थित गुलखेड़ी गांव के कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। दरअसल, कोयंबटूर पुलिस ने कुछ बदमाशों को गिरफ्तारी किया तो उन्होंने राजगढ़ के गुलखेड़ी गांव के तीन लोगों के नाम लिए।
ये बदमाश कोयंबटूर गांव और वहां उन्होंने घटनाओं को अंजाम दिया और यहां भाग आए। इनको पकड़ने के लिए कोयंबटूर से चार पुलिसकर्मी शनिवार शाम को राजगढ़ पहुंचे। यहां उनके साथ तीन थानों का पुलिस बल वाहनों से गुलखेड़ी गांव में पहुंचा। पुलिस कर्मी बदमाशों के बारे में ग्रामीणों से पूछताछ कर ही रहे थे कि 15-20 लोगों ने पुलिस के वाहनों पर पथराव कर दिया। इससे खलबली मच गई।
डायल 100 समेत अन्य वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए
पथराव में एक एएसआइ और दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। हमले के बाद खुद को घिरा देखकर पुलिस बल को गांव से भागना पड़ा। बता दें कि राजगढ़ का गुलखेड़ी गांव अपराध और अवैध शराब बनाने को लेकर बदनाम है। यहां के कई लोग पहले भी कई जगह अपराधों में शामिल पाए जा चुके हैं।
पुलिस टीम पर हमले के बाद राजगढ़ के पुलिस अधिकारियों ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए रणनीति बनाई है। बोड़ा थाने के टीआई रामकुमार भगत ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है।