कुट्टू का आटा खाकर सौ से अधिक की तबीयत बिगड़ी, जन्माष्टमी पर व्रत थे लोग
यूपी के मथुरा में कुट्टू का आटा खाकर सौ से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। ये लोग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर व्रत थे। फरह क्षेत्र करीब एक दर्जन गांवों में इस तरह घटना के सामने आने के बाद बीमार लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ का प्राइवेट तो कुछ का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। करीब दो दर्जन लोगों की हालत थोड़ी गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उन्हें मथुरा और आगरा के लिए रेफर किया है।
मिली जानकारी के अनुसार लोगों ने सोमवार की राहत कूटू के आटे की पकौड़ी और अन्य पकवान खाए थे। परखम, बरौदा, मिर्जापुर, मखदूम, सलेमपुर, खैरट, पींगरी, रहीमपुर सहित करीब एक दर्जन गांव के सौ से अधिक महिला-पुरुष और बच्चे बीमार हो गए। कूटू के आटे से बनी चीजें खाकर इन लोगों को फूड प्वाइजनिंग हो गई और उन्हें उल्टी, चक्कर, घबराहट, दस्त, बेचैनी आदि की समस्या होने लगी।
सूचना मिलते ही डीएम ने इस मामले में सतर्कता बरतते हुए एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम गांवों में भेजी। इसके साथ ही डॉक्टरों ने गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल, सौ सैया अस्पताल मथुरा और एसएन अस्पताल आगरा के लिए रेफर कर दिया। मंगलवार की सुबह भी कई मरीज अस्पताल पहुंचे। कुछ ग्रामीण स्वयं अपने मरीजों को आगरा निजी अस्पताल ले गए। मंगलवार सुबह फ़ूड विभाग की टीम ने कूटू का आटा बेचने वाले दुकानदारों पर सेंपलिंग करते हुए कस्बे की दो दुकानों को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि बीमार लोगों के इलाज की व्यवस्था करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।