Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
बंगाल में रहने वाले बाहरी लोग ढंग से रहें, वरना...; ममता बनर्जी किसे दे रही हैं चेतावनी

कोलकाता में हुए रेप और मर्डर कांड के चलते सीएम ममता बनर्जी और उनकी पार्टी टीएमसी को भारी विरोध झेलना पड़ रहा है। इस बीच ममता बनर्जी ने एक बार फिर से 'बाहरी कार्ड' चल दिया है, जो उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी चला था। उन्होंने भाजपा के बंद पर निशाना साधते हुए कहा कि बाहरी लोग राज्य में हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा, 'बाहर के जो लोग भी बंगाल में रह रहे हैं, उन्हें बंगाल से प्यार करना चाहिए। बंगाल के लोग उन्हें स्वीकार कर लेंगे। लेकिन बंगाल का नुकसान करने की कोशिश की तो फिर जवाब दिया जाएगा।' ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि यदि आप लोग भाजपा के साथ मिलकर पुलिस को पीटते हैं त फिर कोई आपको भी पीट सकता है। हालांकि मैं नहीं चाहती कि यहां आपस में कोई विवाद हो।

यही नहीं उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग हमें बांग्लादेश समझते हैं। मैं उन्हें बता दूं कि हम बांग्लादेश से प्यार करते हैं। वे हमारी तरह बात करते हैं। उनकी संस्कृति और हमारी एक जैसी है। लेकिन यह ध्यान रखें कि बांग्लादेश एक अलग मुल्क है। भारतवर्ष एक अलग देश है। ममता बनर्जी ने इसके अलावा भाजपा शासित राज्यों पर विवादित बयान देते हुए कहा, 'यदि बंगाल को जलाने की कोशिश हुई तो फिर असम भी नहीं बचेगा। पूर्वोत्तर में भी आग लगेगी। यहां तक कि उत्तर प्रदेश, बिहार भी नहीं बचेंगे। ओडिशा भी कैसे बचेगा और दिल्ली कैसे बचेगा। हम आपकी कुर्सी को खतरे में डाल देंगे।'

इसके अलावा ममता बनर्जी ने आरजी कर अस्पताल में डॉक्टर के साथ हुई वीभत्स घटना का जिक्र करते हुए कहा कि हम इस घटना से दुखी हैं। उन्होंने डॉक्टरों से अपील की कि सभी लोग काम पर वापस लौट जाएं क्योंकि मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। ममता ने कहा कि हमने डॉक्टरों के खिलाफ कोई ऐक्शन नहीं लिया है क्योंकि वे अपनी दोस्त के लिए आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन दिल्ली में क्या हुआ। उन लोगों ने डॉक्टरों के खिलाफ ही केस दर्ज कर लिया। इसी के चलते सुप्रीम कोर्ट को कहना पड़ा कि यदि डॉक्टर वापस काम पर लौट आएं तो फिर उनके खिलाफ ऐक्शन नहीं लिया जाएगा।

Share This News :