पुलिस अफसरों पर क्यों भड़के मंत्री विजयवर्गीय
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शनिवार को भागीरथपुरा क्षेत्र में विकास कार्यों के भूमिपूजन के लिए गए थे। विजयवर्गीय को क्षेत्र की महिलाओं ने घेर लिया। उन्होंने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर व अन्य मादक पदार्थों के बिकने की शिकायत की।इस पर नाराज हुए विजयवर्गीय ने मौके पर मौजूद बाणगंगा टीआई को चेतावनी देते हुए कहा कि तीन दिन में मादक पदार्थ के धंधे बंद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तीन दिन में ये सब बंद नही हुआ तो चौथा दिन मेरा होगा।
विजयवर्गीय ने घर घर जाकर जनसंपर्क किया और लोगों की समस्याएं सुनी।इस दौरान महिलाएं उनसे बोली कि बस्ती में कई जगह नशा बिकता है। छोटे छोटे बच्चे नशे की गिरफ्त में आ रहे है। इसके बाद विजयवर्गीय ने पुलिस अफसरों को तलब किया और नशे पर रोकथाम को कहा।
चुनाव में नशे का अवैध कारोबार बना था मुद्दा
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने 10 माह पहले जब विधानसभा क्षेत्र का मांग एक से चुनाव लड़ा था तो नशे के अवैध कारोबार को भी उन्होंने चुनावी मुद्दा बनाया था। वे अपने भाषण में बार-बार क्षेत्र से अवैध नशे का कारोबार मिटाने की बात करते थे।
विजयवर्गीय ने शनिवार को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 में 20 करोड़ रुपये से ज्यादा के कामों का भूमिपूजन लोकार्पण किया। भागीरथपुरा ब्रिज से सांई मंदिर तक 60 फीट चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क पर 13 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा नर्मदा लाइन व सीवरेज लाइन भी बिछाई जाएगी। विजयवर्गीय ने दो बगीचों का भी लोकार्पण किया। कुुछ रहवासियों ने नगर निगम द्वारा नाले की जमीन के आसपास के मकानों को नोटिस मिलने की बात भी कही।