सड़कों के लिए महापौर ने मांगे 100 करोड़,मुख्यमंत्री डा.यादव को दिया ज्ञापन
ग्वालियर । महापौर श्रीमती डॉ.शोभा सतीश सिकरवार ने वर्षा के कारण खराब हुईं शहर की सड़कों को बनाने के लिए आज ग्वालियर प्रवास पर आए मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव को एक मांग पत्र देकर 100 करोड़ रुपए दिए जाने का आग्रह किया है।
महापौर ने मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में लिखा है कि ग्वालियर शहर गालव ऋषि की तपोभूमि होने के साथ-साथ तानसेन की जन्मभूमि भी रही है तथा वर्तमान में निरंतर विकासोन्मुख होकर प्रगतिरत है।
गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में नगर निगम ग्वालियर की वर्षाकाल के दौरान सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। जलभराव की समस्या जगह-जगह देखने को मिली है तथा निगम सीमान्तर्गत रहवासियों के क्षेत्रीय विस्तार में भी वृद्धि हुई है, जिससे ग्वालियर महानगर में सी.सी सड़क, नाला आदि मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराया जाना नगर निगम ग्वालियर का कार्य है। इस दृष्टि से आपसे आग्रह है कि ग्वालियर शहर में सड़कों, नालियों के निर्माण कार्य हेतु शासकीय योजनाओं एवं अन्य के माध्यम से लगभग 100 करोड़ की राशि उपलब्ध कराये जाने का कष्ट करें। ताकि ग्वालियर शहर की जनता को मूलभूत सुविधाओं का लाभ दिया जा सके। साथ ही निगम के देयकों जिसमें चुंगी क्षतिपूर्ति आदि भी नगर निगम ग्वालियर को उपलब्ध कराने का कष्ट करें।